देवर के प्राइवेट पार्ट पर काटने वाली भाभी को पुलिस ने भेजा जेल
सजेती पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा, पारिवारिक विवाद में देवर को किया था गंभीर रूप से घायल
कानपुर। कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान अपने देवर के प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काटकर उसे गंभीर रूप से घायल करने वाली भाभी को पुलिस ने पकड़ लिया है। घायल युवक को डॉक्टरों ने 55 टांके लगाए हैं। उसका कानपुर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना बीते शुक्रवार शाम की है। सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव में किसी बात को लेकर महिला और उसके देवर के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि महिला ने देवर के शरीर के नाजुक हिस्से पर दांतों से काट लिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में कानपुर रेफर हुआ युवक
घायल युवक को परिजन घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों को युवक के घावों पर 55 टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
देवरानी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला का पति अहमदाबाद में निजी नौकरी करता है। घटना के बाद घायल युवक की पत्नी ने शनिवार को अपनी जेठानी के खिलाफ सजेती थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
सजेती थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि देवर को गंभीर रूप से घायल करने की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घायल युवक का कानपुर में उपचार जारी है।


