ऑटो में व्यापारी का बैग काटकर 50 हजार उड़ाए, आरोपी जेल गया

ऑटो में व्यापारी का बैग काटकर 50 हजार उड़ाए, आरोपी जेल गया

संकट मोचन मंदिर के पास खंडहर से बरामद हुई रकम, वारदात में शामिल सगा भाई फरार

कानपुर। टाटमिल से घंटाघर जाने के लिए ऑटो में सवार फतेहपुर के कपड़ा व्यापारी का बैग काटकर 50 हजार रुपये चोरी करने के आरोपित को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। उसकी निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के पास संकट मोचन मंदिर के निकट एक खंडहर से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपित अपने सगे भाई के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था। फरार भाई की तलाश की जा रही है।

फतेहपुर के गाजीपुर निवासी कपड़ा व्यापारी हारून मंगलवार दोपहर टाटमिल से घंटाघर जाने के लिए ऑटो में बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में ऑटो में सवार एक व्यक्ति ने मौका पाकर उनका बैग काट दिया और उसमें रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। घंटाघर के पास उतरने पर व्यापारी को बैग कटने और रुपये गायब होने की जानकारी हुई। इसी दौरान उन्होंने आरोपित को बाइक से भागते देखा। व्यापारी ने पीछा कर उसे बाइक समेत पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला।

व्यापारी ने आरोपित को कलक्टरगंज पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। सूचना पर भाजपा बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता और नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेषनारायण त्रिवेदी भी मौके पर पहुंचे। हंगामे की सूचना पर एसीपी कलक्टरगंज आकांक्षा पांडेय ने पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

एसीपी ने बताया कि मूलरूप से कन्नौज और वर्तमान में शिवकटरा, लाल बंगला निवासी राजीव को बुधवार को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की रकम उसके भाई विकास को दी गई थी। विकास ने रुपये रेलवे स्टेशन के पास संकट मोचन मंदिर के निकट खंडहर में छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, राजीव के खिलाफ चकेरी, फीलखाना, हरबंश मोहाल, अनवरगंज और बर्रा समेत विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की जाएगी। वारदात में शामिल विकास की तलाश की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *