शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप; गैंगस्टर के नाम पर युवती को धमकाया
कानपुर के बर्रा का मामला: पीड़िता की शिकायत पर गैंगस्टर अजय ठाकुर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, परिवार दहशत में
कानपुर। बर्रा क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर उसे गैंगस्टर अजय ठाकुर के नाम से डराया गया। बाद में अजय ठाकुर ने भी उसे मिलने के लिए बुलाया और काली स्कॉर्पियो में बैठाकर धमकी दी। युवती के मुताबिक, उससे कहा गया कि उसके और परिवार के लोगों के शव तक नहीं मिलेंगे। इसके बाद से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है। युवती ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिसके बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
होजरी फर्म में काम सीखने के दौरान हुई थी मुलाकात
गोविंद नगर निवासी युवती के मुताबिक, कर्रही निवासी आयुष वर्मा से उसकी मुलाकात एक होजरी फर्म में काम सीखने के दौरान हुई थी। युवती का कहना है कि एक दिन वह चाचा की डांट से परेशान थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आयुष ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और अपने झांसे में ले लिया। युवती के अनुसार, एक जुलाई 2025 को आयुष अपने दोस्त अंकित के साथ उसे कोपरगंज स्थित एवी होटल ले गया। आरोप है कि वहां कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह हाथ-पैर तक नहीं हिला पा रही थी। इसी दौरान आयुष ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो बना लिया।
विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आयुष ने कई बार उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर युवती ने अपनी मां को पूरी बात बताई। जब उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही, तो आयुष ने कथित तौर पर उसे गैंगस्टर अजय ठाकुर का नाम लेकर डराया।
काली स्कॉर्पियो में बैठाकर धमकाने का आरोप
युवती के मुताबिक, बाद में अजय ठाकुर ने उसे मिलने के लिए बुलाया और काली स्कॉर्पियो में बैठाकर धमकी दी। आरोप है कि उसने कहा, “आयुष को भूल जाओ, वरना तुम्हारी और घरवालों की लाश नहीं मिलेगी।” उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और उसका नाम गूगल पर सर्च कर लेना। पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है। उसके मुताबिक, वीडियो में अजय ठाकुर अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचकर धमकाता दिखाई दे रहा है।
पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज
बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गैंगस्टर अजय ठाकर, आयुष वर्मा और अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


