उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर से सभी पैक्ड और खुली मिठाइयों पर ‘यूज बाय डेट’ लिखना अनिवार्य कर दिया गया है
लखनऊ। त्योहारों के मौसम में मिठाई खरीदने वालों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अहम कदम उठाया है. खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों की सेहत का ध्यान रखने के लिए 15 अक्टूबर से दुकानों पर बिकने वाली मिठाइयों पर ‘यूज बाय डेट’ यानी उपयोग की अंतिम तारीख बताना अनिवार्य होगा. खास बात यह है कि यह नियम सिर्फ पैक्ड मिठाइयों पर ही नहीं, बल्कि दुकानों में बिक्री के लिए रखी खुली मिठाइयों पर भी लागू होगा. इससे ग्राहक मिठाई खरीदते समय जान सकेंगे कि उसका सेवन किस तारीख तक करना उचित है.
खुली मिठाइयों पर भी बतानी होगी अंतिम तारीख: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के मुताबिक, अलग-अलग जिलों में जांच के दौरान सामने आया कि कई दुकानों पर मिठाई बनाने की तारीख और उसकी उपयोग अवधि की जानकारी ग्राहकों को नहीं दी जा रही थी. जबकि सभी मिठाइयों की ताजगी बनाए रखने की अवधि एक जैसी नहीं होती है. मिठाई की प्रकृति, उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसे बनाने के तरीके के अनुसार उसकी उपयोग अवधि अलग-अलग हो सकती है. ऐसे में त्योहारों के दौरान ग्राहकों को मिठाई की ताजगी और गुणवत्ता के बारे में स्पष्ट जानकारी देना जरूरी है.
मिठाई की उपयोग अवधि तय करने की जिम्मेदारी कारोबारी की: नई व्यवस्था के तहत मिठाई पर लिखी ‘यूज बाय डेट’ केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगी. इसके साथ दुकानदार और खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी भी जुड़ी होगी. उदाहरण के लिए, अगर किसी मिठाई की उपयोग अवधि पांच दिन तय की गई है, तो कारोबारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि इन पांच दिनों के दौरान मिठाई निर्धारित गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप रहे. ग्राहकों को भी मिठाई खरीदते समय इस तारीख पर ध्यान देना चाहिए.
एक से 30 दिन तक हो सकती है मिठाई की उपयोग अवधि: खाद्य कारोबारियों को मिठाई की प्रकृति, सामग्री, बनाने की प्रक्रिया और भंडारण की स्थिति के आधार पर उसकी उपयोग अवधि तय करनी होगी. अलग-अलग मिठाइयों की उपयोग अवधि एक दिन से लेकर 30 दिन तक हो सकती है. इसलिए हर मिठाई के लिए एक जैसी समय-सीमा लागू नहीं होगी. नई व्यवस्था के तहत दुकानों पर प्रदर्शित मिठाइयों की उपयोग अवधि स्पष्ट रूप से बतानी होगी.
ग्राहकों को मिलेगी ताजगी और गुणवत्ता की जानकारी: खाद्य सुरक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य मिठाई के कारोबार में पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों को सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराना है. ‘यूज बाय डेट’ से लोग मिठाई खरीदने से पहले उसकी उपयोग अवधि की जानकारी ले सकेंगे. इससे उन्हें उत्पाद की ताजगी और गुणवत्ता को लेकर फैसला करने में आसानी होगी. त्योहारों के दौरान मिठाई खरीदते समय ग्राहक अब उपयोग की अंतिम तारीख देखकर अधिक जागरूकता के साथ खरीदारी कर सकेंगे.