पिज्जा की उधारी के लिए नाबालिग से मंगवाई सोने की चेन, बरामदगी न होने पर डीसीपी से लगाई गुहार
कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में पिज्जा की उधारी चुकाने के लिए नाबालिग से घर से सोने की चेन मंगवाने और उसे अपने पास रख लेने का आरोप लगा है। चेन बरामद नहीं होने और पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट मां शनिवार को अपनी सास के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग की।
बजरंग विहार, खाड़ेपुर निवासी पूजा सिंह के अनुसार, उनके नाबालिग बेटे तेजस पर योगेंद्र विहार स्थित पिज्जा शॉप संचालक ने उधारी चुकाने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि संचालक ने रुपये या घर से सोने का सामान लाने को कहा। इसके बाद तेजस घर से सोने की चेन लेकर पहुंचा।
पूजा का आरोप है कि चेन मिलने के बाद संचालक तेजस और उसके दो दोस्तों प्रखर व ऋषि को कार से एक ज्वेलर्स के पास ले गया। ज्वेलर्स ने मां की मौजूदगी और आधार कार्ड के बिना चेन लेने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद संचालक ने चेन अपने पास रख ली और बच्चों को धमकाया।
पूजा के मुताबिक, उन्हें 20 सितंबर को घटना की जानकारी हुई। अगले दिन उन्होंने हनुमंत विहार थाने में शिकायत दी। उनका कहना है कि पुलिस ने तेजस, पिज्जा शॉप संचालक और प्रखर से पूछताछ की तथा संचालक के मोबाइल की चैट भी देखी। परिवार का आरोप है कि जांच के बावजूद न तो रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही चेन बरामद हुई।
पीड़िता ने 28 सितंबर को एसीपी नौबस्ता से भी शिकायत कर कार्रवाई और चेन बरामद कराने की मांग की थी। इसके बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए वह शनिवार को अपनी सास के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच, चेन की बरामदगी और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

