पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 क्रिकेटरों की मौत
100 की स्पीड में ट्रक में घुसी अर्टिगा, लखनऊ से देवरिया जा रहे थे

अयोध्या। सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 4 क्रिकेटरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। 2 लोग घायल हैं। खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह 5 बजे कार पीछे से ट्रक में घुस गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 3 को मृत घोषित कर दिया। 3 घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में एक घायल की मौत हो गई। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक खिलाड़ियों की पहचान देवरिया के रहने वाले नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20), आनंद यादव और भागलपुर का रहने वाले अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में देवरिया के राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं।
क्रिकेट खेलने लखनऊ गए थे 11 खिलाड़ी, लौटते समय हादसे में 4 की मौत
खिलाड़ी पवन चौरसिया ने बताया कि देवरिया के अलग-अलग इलाकों के 11 खिलाड़ी सोमवार रात टेनिस क्रिकेट खेलने के लिए लखनऊ के बीकेटी गए थे। सभी देवरिया टेनिस क्रिकेट टीम की ओर से खेलने गए थे। मैच के बाद खिलाड़ी अलग-अलग वाहनों से वापस घर लौट रहे थे। पवन ने बताया कि मैं दूसरी कार से खिलाड़ियों के पीछे आ रहे थे। जिस कार में हादसा हुआ, उसमें नित्य प्रजापति, आनंद यादव, अनिकेत सिंह और इरफान अंसारी समेत अन्य खिलाड़ी सवार थे। कार इमरान अंसारी की थी। हादसे में नित्य प्रजापति (24), इरफान अंसारी (23), अनिकेत सिंह (23) और आनंद यादव की मौत हो गई।
यूपी-बिहार की प्रतियोगिताओं में खेलने जाते थे
पवन ने बताया कि सभी खिलाड़ी अच्छे क्रिकेटर थे। वे यूपी, बिहार समेत अन्य जगहों पर होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने जाते थे। सोमवार को भी 11 खिलाड़ी एक साथ क्रिकेट खेलने लखनऊ गए थे।
हादसे के वक्त सभी सो रहे थे, दरवाजा तोड़कर निकाला
घायल जयंतो शर्मा ने बताया- हम लोग सो रहे थे। कार की टक्कर हुई तो नींद खुली। देखा तो कार ट्रक में घुसी हुई थी। हमारे साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने हम लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला।
सभी काफी अच्छा क्रिकेट खेलते थे
मईल थाना क्षेत्र के बगहा के रहने वाले नित्य प्रजापति के पिता मनोज प्रजापति कैटरिंग का काम करते हैं। मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण के रहने वाले इरफान के पिता इफ्तिखार घर पर रहते हैं। इरफान के तीन भाई आजम, कैस और बबली हैं। अनिकेत देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के रहने वाले थे। पिता अमरजीत सिंह शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। मां रंभा देवी गृहिणी हैं। छोटा भाई अंकित सिंह पढ़ाई करता है। दो बहनें रिया और रिशु हैं। परिजनों का कहना है कि सभी काफी अच्छा क्रिकेट खेलते थे।

