डीसीएम ने बाइक सवार दूधिए को मारी टक्कर, मौके पर मौत; परिजनों ने लगाया जाम

डीसीएम ने बाइक सवार दूधिए को मारी टक्कर, मौके पर मौत; परिजनों ने लगाया जाम

कानपुर। घाटमपुर के रतनपुर गांव के पास काली मंदिर के समीप बुधवार को तेज रफ्तार DCM ने बाइक सवार दूधिए को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय दूधिए की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने लिंक मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के घटवा गांव निवासी राजकुमार (35) पुत्र मनोज यादव रोज की तरह बाइक से सड़क किनारे दूध देने आए थे। बताया जा रहा है कि दूध देने के बाद वह सड़क किनारे खड़े होकर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही DCM ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि राजकुमार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद DCM चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने लगाया जाम

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। राजकुमार की मौत से आक्रोशित परिजनों ने लिंक मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार DCM चालक की तलाश के साथ घटना की जांच शुरू कर दी है।

एसीपी ने कही कार्रवाई की बात

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया गया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *