अरौल में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
कानपुर। अरौल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह राहगीरों ने नीम के पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना कानपुर-अलीगढ़ हाईवे के पास हिंदूपुर रोड की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान छिबरामऊ निवासी राजेश सिंह (42) पुत्र शिवदयाल सिंह के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेश ने अपनी शर्ट फाड़कर फंदा बनाया और नीम के पेड़ से लटक गया। मौके से पुलिस को मृतक का पर्स, मोबाइल फोन, ट्रेन का टिकट और पहचान पत्र मिला है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
परिजनों से पूछताछ के बाद स्पष्ट होगा कारण
थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों से पूछताछ और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

