नवरात्र में मंदिरों और डांडिया-गरबा आयोजनों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

नवरात्र में मंदिरों और डांडिया-गरबा आयोजनों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

कानपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों, धार्मिक मेलों और डांडिया-गरबा आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी कानपुर नगर और पुलिस कमिश्नर को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने धार्मिक आयोजनों में नियमों का सख्ती से पालन कराने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की।

विहिप के प्रांत मंत्री अधिवक्ता राज पोरवाल ने कहा कि नवरात्र मां दुर्गा की आराधना का पावन पर्व है। इस दौरान बिरहाना रोड स्थित माता तपेश्वरी मंदिर, कल्याणपुर के आशा देवी मंदिर और जूही स्थित मां बारादेवी मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डांडिया और गरबा कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में आयोजनों की व्यवस्था, परंपरा और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक अमरनाथ ने बताया कि धार्मिक स्थलों और मेला परिसरों के आसपास अतिक्रमण और अनधिकृत दुकानों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई है। पूजन सामग्री और खान-पान की दुकानों के लिए निर्धारित नियमों का पालन कराने को भी कहा गया।

डांडिया-गरबा आयोजनों के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने डांडिया-गरबा आयोजनों के लिए थाना स्तर पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और आयोजकों से सुरक्षा मानकों के लिखित अनुपालन की व्यवस्था कराने की मांग की। प्रमुख मंदिरों और आयोजन स्थलों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराने के साथ नियमित पुलिस गश्त और औचक निरीक्षण की व्यवस्था करने को भी कहा गया। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग रखी गई। संगठन के पदाधिकारियों ने शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

ये रहे मौजूद : प्रतिनिधिमंडल में प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना, प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, राजू पोरवाल, विभाग अध्यक्ष नरेश माहेश्वरी, अमरनाथ और नरेश तोमर शामिल रहे। इसके अलावा बजरंग दल के चारों जिला संयोजक रौनक राय, मोहित, विशेष और आकाश समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *