डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
895 घरों का सर्वे, 26 में मिला लार्वा; 7858 पात्रों की जांच, 42 घरों में कराया गया लार्वा नष्ट

कानपुर। डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण और निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर वीबीडी नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चंदर नगर और सनिगवां में डेंगू मामले का स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन किया।
टीम ने क्षेत्र में बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन और अन्य निरोधात्मक गतिविधियों की स्थिति देखी। लोगों को डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
शिविर में सात मरीजों की जांच
चंदर नगर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में सात सामान्य मरीजों का परीक्षण किया गया। सात मरीजों की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की जांच कराई गई। मलेरिया की जांच में किसी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिली।
वहीं कॉपरगंज क्षेत्र के शारदा नगर और मंझावन-रमईपुर में सामने आए डेंगू के दोनों मामलों को लेकर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई पूरी कराई गई।
895 घरों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए एंटमोलॉजिकल सर्वेक्षण और सोर्स रिडक्शन अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 895 घरों का सर्वेक्षण किया। जांच के दौरान 26 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। कुल 7858 पात्रों की जांच की गई, जबकि 42 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। जलभराव वाले स्थानों को तत्काल साफ करने, मच्छररोधी उपाय अपनाने और बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखने की सलाह दी गई।
कंट्रोल रूम से लें जानकारी
संचारी रोगों से संबंधित जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के 0512-2333810 और 9335301096 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम कंट्रोल रूम के 0512-2526004 और 0512-2526005 नंबर भी जारी किए गए हैं।

