कानपुर में चोरी, 40 साल फरारी, बरेली के आश्रम से गिरफ्तारी… ऐसे फेसबुक से पकड़ा गया ‘पागल बाबा’
कानपुर। फजलगंज थाने से 1986 के चोरी के मामले में जमानत पर छूटा आरोपी रामप्रकाश 40 साल से फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने बरेली में आश्रम बनाकर साधु का वेश धारण कर लिया और ‘पागल बाबा’ के नाम से रहने लगा। आखिरकार फेसबुक आईडी के जरिए पुलिस उस तक पहुंच ही गई।
कानपुर की फजलगंज पुलिस ने साल 1986 में कन्नौज निवासी आरोपी रामप्रकाश को चोरी के मामले में जेल भेजा था। जमानत मिलने के बाद वह अदालत की पेशी से गायब होकर बरेली भाग गया, जहां उसने साधु का वेश बदलकर आश्रम बना लिया। अदालत द्वारा डीसीपी सेंट्रल को तलब किए जाने पर पुलिस ने जांच तेज की। सर्विलांस और सोशल मीडिया की मदद से पुलिस ने फेसबुक आईडी के जरिए आरोपी का पता लगाया। 5 अक्टूबर को पुलिस ने उसे बरेली स्थित आश्रम से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, क्योंकि वह 40 सालों से वारंट जारी होने के बावजूद अदालत में पेश नहीं हो रहा था।

