छुट्टी पर घर आई रिक्रूट महिला सिपाही ने फांसी लगाकर दी जान
छह महीने पहले हुई थी यूपी पुलिस में भर्ती, मोबाइल फोन रीसेट मिलने से बढ़ी जांच की अहमियत

घाटमपुर। रेऊना थाना क्षेत्र के गिरसी गांव में छुट्टी पर घर आई 22 वर्षीय रिक्रूट महिला सिपाही ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को उसका मोबाइल फोन रीसेट मिला। फोरेंसिक टीम मोबाइल का डेटा रिकवर करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को छुट्टी पर घर आई थी प्रतीक्षा
गिरसी गांव निवासी विजय सिंह वैस ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी प्रतीक्षा ने करीब छह महीने पहले यूपी पुलिस में महिला सिपाही के पद पर ज्वाइनिंग की थी। उसकी पहली तैनाती रायबरेली जिले के मोहनगंज थाने में रिक्रूट आरक्षी के रूप में हुई थी। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह छुट्टी पर घर पहुंची।
परिजनों के मुताबिक, घर आने के बाद प्रतीक्षा कुछ गुमसुम नजर आ रही थी। परिवार के लोगों ने उससे कारण पूछा तो उसने थकान होने की बात कही और अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन उसने खाना खाने से मना कर दिया।
बहन ने कमरे में देखा तो मचा हड़कंप
परिवार के लोग नीचे खाना खाने चले गए। करीब दो बजे प्रतीक्षा की बहन दिव्या ऊपर कमरे की ओर गई। दरवाजा अंदर से बंद था। उसने मां को जानकारी दी, जिसके बाद पिता विजय सिंह को बुलाया गया। परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो प्रतीक्षा कमरे में फंदे पर लटकी मिली।
घटना की सूचना पिता ने तत्काल पुलिस को दी। रेऊना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोबाइल रीसेट मिलने से जांच की दिशा बदली
पुलिस को मौके पर प्रतीक्षा का मोबाइल फोन रीसेट हालत में मिला। इसके बाद मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। टीम फोन से पुराने डेटा, मैसेज और अन्य डिजिटल जानकारी रिकवर करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल से घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
परिजन भी प्रतीक्षा के इस कदम की कोई स्पष्ट वजह नहीं बता पा रहे हैं। ऐसे में पुलिस फिलहाल उसके मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
एसीपी बोले- कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी
एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत ने बताया कि महिला सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने स्वयं परिजनों से घटना की जानकारी ली है। मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

