थेरेपिस्ट पर बदमाशों का हमला, मोबाइल और बैग लेकर भागे
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला इलाके में बुधवार सुबह पैदल जा रहे एक थेरेपिस्ट को पांच युवकों ने घेरकर बेल्टों से पीट दिया। मारपीट में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपी उसका मोबाइल फोन और बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में थेरेपी मशीन और काम से जुड़ा अन्य सामान रखा था।
चंद्रनगर निवासी आसिफ अली ने पुलिस को बताया कि वह थेरेपिस्ट हैं। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह घर से पैदल जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे पांच युवकों ने उन्हें अचानक घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, आरोपियों ने बेल्ट निकालकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उन्हें सड़क पर गिराकर भी पीटा।
आसिफ के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपी उनका मोबाइल और बैग छीनकर भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बदमाश उन्हें धमकाते हुए फरार हो गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने घायल आसिफ को संभाला।
आसिफ ने बताया कि बैग में थेरेपी करने वाली मशीन और काम से संबंधित अन्य सामान रखा था। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और दोपहर करीब 12:30 बजे तहरीर दी।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

