खिलाड़ियों के बीच चलेगा रक्तदान अभियान, 1 अक्टूबर को ग्रीन पार्क में शिविर
रेडक्रॉस सोसाइटी और क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय की पहल, शहरवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
कानपुर। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कानपुर और क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय की ओर से 1 अक्टूबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर करेंगे। ग्रीन पार्क के डायरेक्टर पवेलियन के ऊपर प्रथम तल स्थित पार्क साइड में सुबह 10 बजे से रक्तदान की प्रक्रिया शुरू होगी। शिविर में शामिल होने वाले रक्तदाताओं के लिए गेट नंबर 10-बी से प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
आयोजकों ने रोटरी क्लब कानपुर सूर्य के सदस्यों के साथ शहर के नागरिकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों और सामाजिक संगठनों से शिविर में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में सहयोग और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने स्वस्थ और पात्र लोगों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की है।

