प्रतिबंधित मांस की सूचना पर दो युवक पकड़े, जूही थाने में प्रदर्शन
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर किया हंगामा, गेट पर बैठकर पढ़ी हनुमान चालीसा
कानपुर। नौबस्ता के मछरिया इलाके में बाइक से बोरे में प्रतिबंधित मांस ले जाने की सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं ने दोनों युवकों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी फैलते ही सैकड़ों कार्यकर्ता जूही थाने पहुंच गए और कथित सप्लाई करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
शिव शक्ति अखाड़ा के सह संयोजक विशाल बजरंगी के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार दो युवक बोरे में कुछ सामान लेकर जा रहे थे। शक होने पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जूही थाना क्षेत्र के पास रोककर पूछताछ की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवकों ने बोरे में प्रतिबंधित मांस होने की बात स्वीकार की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दोनों को पकड़ लिया और मारपीट के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
थाने में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
प्रतिबंधित मांस की बरामदगी की सूचना पर बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता जूही थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कथित गिरोह के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
आक्रोशित कार्यकर्ता थाने के गेट पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। सूचना पर एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मामले में जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसी तरह प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया।
मांस जांच के लिए भेजा गया

एसीपी बाबूपुरवा वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि विशाल बजरंगी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से भी पूछताछ की जा रही है। मौके से बरामद मांस को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

