ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ठाकरे बंधुओं का बड़ा ऐलान, 4 अक्टूबर को मुंबई में निकालेंगे मोर्चा
मुंबई । मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा है कि सभी पार्टियों को इस प्रदर्शन में हिस्सा लेने का न्योता दिया जाएगा। ठाकरे बंधुओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के ‘जेल भरो आंदोलन’ को भी समर्थन देने का ऐलान किया।
ठाकरे बंधुओं ने CEC के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है
चुनाव आयोग को लेकर हाल ही में सामने आई एक विवादित रिपोर्ट सामने आने के बाद से विपक्षी पार्टियां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर हैं। अब महाराष्ट्र में MNS प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी CEC के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दोनों नेताओं ने मंगलवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। ठाकरे बंधुओं ने चुनाव आयुक्त के विरोध में आगामी 4 अक्टूबर को मुंबई में एक विशाल विरोध मार्च निकालने का फैसला किया है।
शिवसेना यूबीटी प्रमुख ने बताया है कि महामोर्चा दक्षिणी मुंबई के भायखला से शुरू होकर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के सामने स्थित बीएमसी मुख्यालय तक जाएगा। इस दौरान ठाकरे बंधुओं ने कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन देने का भी ऐलान किया है। बता दें कि CJP ने भी चुनाव आयुक्त के विरोध 2 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है।
ठाकरे बंधुओं ने आयोग पर बोला हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली EVM पर भी सवाल उठाए। राज ठाकरे ने कहा, “हम कई सालों से EVM और चुनाव आयोग की मनमानी पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन अब तक इसका कोई समाधान नहीं निकला है।” उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होकर 4 अक्टूबर के इस महामोर्चा में शामिल होने की अपील की।

