बरेली में बारिश से खपरैल गिरने से महिला की मौत

बरेली में बारिश से खपरैल गिरने से महिला की मौत

बरेली। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश आफत बन गई है। मीरगंज क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर में रविवार सुबह बरामदे की खपरैल भरभराकर गिरने से 65 वर्षीय फूला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके जेठ के बेटे सोमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब फूला देवी शौचालय से लौट रही थीं। अचानक खपरैल उनके ऊपर गिर गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक फूला देवी की मौत हो चुकी थी। सोमपाल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। फूला देवी के पति नेक्शु का करीब आठ वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह अपने बेटे कांशीराम के साथ रहती थीं, जो हादसे के समय घर पर नहीं था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उधर, अलीगंज क्षेत्र के गांव सूदनपुर में रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे नन्हें पुत्र प्यारेलाल राठौर का मकान लेंटर सहित जमीन पर गिर गया। हादसे से कुछ देर पहले नन्हें उठकर भैंस को चारा डालने चले गए थे, जिससे वह सुरक्षित बच गए। उनका 30 वर्षीय बेटा राजेश भी लेंटर गिरने के दौरान मच्छरदानी समेत तालाब में जा गिरा और उसकी जान बच गई। हादसे में एक ट्रैक्टर भी लेंटर के नीचे दब गया। वहीं, नौगंवा अहिरान में भी लगातार बारिश के कारण भूरे का कच्चा मकान गिर गया। हालांकि, इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर और कच्चे मकानों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *