बिधनू में आंधी-बारिश का कहर, आधा दर्जन गांवों में पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था चरमराई

बिधनू में आंधी-बारिश का कहर, आधा दर्जन गांवों में पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था चरमराई

कानपुर। विकासखंड बिधनू क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार खराब मौसम के चलते क्षेत्र के कई गांवों में भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के बीच विशालकाय पेड़ उखड़कर बिजली के पोलों पर गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, पेड़ और बिजली के तार सड़क पर गिरने से कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में आंधी और बारिश के कारण नीम समेत कई बड़े पेड़ धराशायी हो गए। कई जगह पेड़ों की चपेट में आने से बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए और हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर सड़कों पर गिर गए। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।
कुशलपुर में बाल-बाल बचे ग्रामीण
सबसे गंभीर घटना ग्राम कुशलपुर में सामने आई। यहां तेज आंधी के दौरान एक विशाल नीम का पेड़ जड़ समेत उखड़कर बिजली के पोल पर जा गिरा। पेड़ का भारी वजन पड़ते ही कंक्रीट का बिजली पोल टूटकर जमीन पर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पोल के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के समय विद्युत आपूर्ति चालू होने के कारण इलाके में करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया। पोल और तार गिरते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बिधनू पावर हाउस को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
लालपुर और जयसिंहपुर में भी बिजली पोल क्षतिग्रस्त
इसी तरह लालपुर और जयसिंहपुर गांव में भी तेज आंधी और बारिश के चलते पेड़ बिजली के पोलों पर जा गिरे। कई स्थानों पर पोल क्षतिग्रस्त होने के साथ हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर बिखर गए। इससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई और विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण पहले से ही स्थिति खराब थी। बिजली के पोल और तार टूटने से परेशानी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
छतरापुर फीडर में भी भारी नुकसान
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) के 33/11 केवी उपकेंद्र बिधनू की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 26 मई की रात आए भीषण आंधी-तूफान में छतरापुर फीडर को व्यापक नुकसान पहुंचा है। फीडर क्षेत्र में कई बिजली के खंभे और पेड़ गिरने के कारण इससे जुड़े गांवों और क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
विभाग की ओर से ग्रामीणों को सूचित किया गया है कि विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
युद्धस्तर पर जुटी विद्युत विभाग की टीमें 
विद्युत विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त पोल, टूटे तार और अन्य उपकरणों को दुरुस्त करने में जुटी हैं। अवर अभियंता, विद्युत उपकेंद्र बिधनू, करन सिंह ने बताया कि मौसम में सुधार और बारिश हल्की होते ही लाइनमैनों की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर टूटे पोल और तारों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।
विभाग ने ग्रामीणों से टूटे हुए बिजली के तारों और क्षतिग्रस्त पोलों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही विद्युत आपूर्ति बाधित होने से हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *