घाटमपुर में बुजुर्ग से साइबर फ्रॉड, तीन बार में खाते से निकले 46 हजार रुपये
पतारा। घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बे में एक बुजुर्ग के बैंक खाते से तीन बार में करीब 46 हजार रुपये निकलने का मामला सामने आया है। मोबाइल पर लगातार तीन ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद बुजुर्ग के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ घाटमपुर थाने की साइबर हेल्प डेस्क में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पतारा निवासी बद्री विशाल अग्निहोत्री ने बताया कि उनका खाता पतारा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में है। गुरुवार शाम उनके मोबाइल पर लगातार तीन मैसेज आए। पहले ट्रांजेक्शन में 24,588 रुपये, दूसरे में 19,639 रुपये और तीसरे में 1,499 रुपये खाते से निकल गए। तीनों ट्रांजेक्शन में कुल 45,726 रुपये की रकम निकल गई।
मैसेज आने के बाद उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद घाटमपुर थाने पहुंचकर साइबर हेल्प डेस्क में भी तहरीर दी। पीड़ित ने खाते से निकली रकम वापस दिलाने की मांग की है।
एटीएम नहीं बनवाया, फिर कैसे सक्रिय हुआ यूपीआई

बद्री विशाल अग्निहोत्री का आरोप है कि उन्होंने अब तक अपने खाते का एटीएम कार्ड तक नहीं बनवाया है। इसके बावजूद खाते से यूपीआई के माध्यम से रकम निकल गई। उन्होंने बैंक प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
24 घंटे बाद आगे की कार्रवाई
घाटमपुर साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी कपिल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। 1930 पर शिकायत दर्ज होने के बाद करीब 24 घंटे तक शिकायत का स्टेटस देखा जाता है। शिकायतकर्ता को 24 घंटे बाद बुलाया गया है। इसके बाद उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

