बिधनू में ऑटो चालक ने फांसी लगाकर जान दी
घर में अकेला था चालक, बेटे ने फंदे पर लटकता देखा; सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कानपुर। बिधनू कस्बे में मंगलवार दोपहर एक ऑटो चालक ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय वह घर में अकेला था। दोपहर में बेटा घर पहुंचा तो पिता को कमरे की छत पर लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटकता देख उसकी चीख निकल गई। पड़ोसियों की मदद से आनन-फानन उन्हें फंदे से नीचे उतारा गया और बिधनू सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और बेटी गई थीं स्कूल
जानकारी के अनुसार खेरसा गांव निवासी सत्येंद्र (45) ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक वह नशे का आदी था। मंगलवार दोपहर उसकी पत्नी रुचि और बेटी खुशी स्कूल गई थीं, जबकि सत्येंद्र घर पर अकेला था। दोपहर में बेटा पीयूष घर पहुंचा। कमरे में पहुंचते ही उसकी नजर पिता पर पड़ी। सत्येंद्र छत पर लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। यह देखकर पीयूष घबरा गया और चीख-पुकार मचाते हुए पड़ोसियों को बुलाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पड़ोसियों की मदद से सत्येंद्र को फंदे से नीचे उतारा गया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ परिजनों से पूछताछ कर रही है।

