नौ विमानों ने आसमान में रचा तिरंगा, सूर्य किरण के हैरतअंगेज करतबों से रोमांचित हुआ मेरठ
मेरठ। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम ने मेरठ में दो दिवसीय एयर शो के दूसरे दिन रविवार को नौ विमानों के साथ आसमान में रोमांचक करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के प्रयास से आयोजित इस एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचे। छुट्टी का दिन होने के कारण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोग शो देखने पहुंचे। सुबह ठीक 10 बजकर 26 मिनट पर हॉक एमके-132 विमानों ने आसमान में उड़ान भरकर एक के बाद एक हैरतअंगेज करतब दिखाने शुरू किए। कभी विमानों ने तिरंगे की आकृति बनाई तो कभी दिल का आकार बनाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। आसमान में विमानों की तेज गति और सटीक तालमेल देखकर लोगों ने भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलटों के कौशल की जमकर सराहना की। दर्शकों ने कहा कि मेरठ के आसमान में पहली बार इस तरह का रोमांचक नजारा देखने को मिला और इससे देश के प्रति गर्व की भावना और मजबूत हुई। एयर शो के दूसरे दिन रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ भी कार्यक्रम में पहुंचे। प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्विनी त्यागी समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने वायुसेना के पायलटों के साहस, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के बीच लोगों ने पूरे उत्साह के साथ एयर शो का आनंद लिया। शो ने खास तौर पर बच्चों का ध्यान आकर्षित किया और उनमें वायुसेना तथा अन्य सुरक्षा बलों में करियर बनाने की इच्छा और उत्सुकता दिखाई दी।
आसमान में तिरंगे और दिल की आकृति ने जीता दिल
सूर्य किरण टीम के नौ हॉक एमके-132 विमानों ने सामूहिक उड़ान के दौरान कई जटिल संरचनाएं बनाईं। विमानों ने अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरते हुए कुछ ही क्षणों में आसमान में तिरंगे की आकृति उकेरी। इसके बाद विमानों की एक विशेष संरचना से दिल का आकार भी बनाया गया। करतबों के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों और युवाओं ने विमानों को लगातार आसमान में निहारते हुए प्रदर्शन का आनंद लिया। लोगों ने कहा कि इस तरह का एयर शो शहर के लिए यादगार अनुभव है और इससे युवाओं में देशसेवा तथा वायुसेना के प्रति आकर्षण बढ़ेगा।

