बोहो रेस्टोरेंट में बिना बार लाइसेंस शराब परोसने का खुलासा, हुक्का भी मिला

बोहो रेस्टोरेंट में बिना बार लाइसेंस शराब परोसने का खुलासा, हुक्का भी मिला

मिडनाइट शीशा डील के नाम पर रात 12 से सुबह चार बजे तक एक रुपये में एंट्री, न्यूनतम 1999 रुपये का बिल जरूरी
कानपुर। स्वरूपनगर स्थित बोहो रेस्टोरेंट में बिना बार लाइसेंस के शराब परोसने और हुक्का संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने छापा मारकर आठ हुक्के, तंबाकू उत्पाद, 57 बीयर की बोतलें और अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद की। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम और तंबाकू उत्पाद संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट में देर रात तक पार्टियां आयोजित होने और इनमें शराब परोसे जाने की सूचना मिली थी। एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह के नेतृत्व में एसीपी स्वरूपनगर ज्योतिश्री और इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ करीब रात दो बजे छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई से रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
तलाशी के दौरान आठ हुक्के, सात पाइप, सात चिलम, आठ पैकेट कोयला, 15 नोजल पाइप के पैकेट, 20 बंद और चार खुले पैकेट तंबाकू बरामद हुए। इसके अलावा 330 एमएल की 57 बीयर की बोतलें मिलीं। पुलिस ने डबल ब्लैक, ब्लैक लेबल, 100 पाइपर, जिन बिन, वकार्डी, शिवास, वेलेन्टाइन, एप्स्लट वोदका, इंद्री और मैक्डॉवेल्स रम समेत कई ब्रांड की शराब भी बरामद की।
तीन लोग गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान स्वरूपनगर निवासी प्रकाश चरन, कैंट निवासी मो. अमान और बिहार के किशनगंज निवासी दीपक ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि रेस्टोरेंट में शराब का स्टॉक कब से रखा जा रहा था और इसकी आपूर्ति कहां से होती थी। शराब ग्राहकों तक किस माध्यम से पहुंचाई जाती थी और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
एक रुपये की एंट्री, 1999 रुपये का बिल
पुलिस की जांच में रेस्टोरेंट की ओर से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए भेजा जा रहा एक ऑफर भी सामने आया है। ‘मिडनाइट शीशा डील’ के नाम से भेजे गए संदेश में रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक महज एक रुपये में प्रवेश की बात कही गई थी। हालांकि, इसके लिए ग्राहक को कम से कम 1999 रुपये का बिल कराना जरूरी था।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। व्हाट्सएप पर प्रचारित किए जा रहे ऑफर की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह संदेश किन लोगों को भेजा जाता था और इसके जरिये कितने ग्राहकों को रेस्टोरेंट तक बुलाया गया।
संचालकों की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस अब रेस्टोरेंट के संचालन और वहां शराब व हुक्का उपलब्ध कराने की पूरी व्यवस्था की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में देर रात होने वाली पार्टियों के दौरान शराब की व्यवस्था किसके निर्देश पर की जाती थी। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *