आधी रात सड़कों पर निकले नगर आयुक्त, खुद नापी सड़क की मोटाई

आधी रात सड़कों पर निकले नगर आयुक्त, खुद नापी सड़क की मोटाई

सीएम ग्रिड के काम में मलबा मिलने पर नाराजगी, 24 घंटे में सफाई का अल्टीमेटम; धीमे काम पर जोनल अभियंता को चेतावनी
कानपुर। शहर में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की हकीकत परखने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे सड़कों पर निकले। उन्होंने काकादेव समेत कई इलाकों में निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। काकादेव में सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए उन्होंने खुद तकनीकी पैमाने से सड़क की मोटाई नापी। वहीं सीएम ग्रिड के तहत चल रहे कार्यों के दौरान जगह-जगह सीएंडडी वेस्ट, मिट्टी और मलबा जमा मिलने पर नाराजगी जताई।
नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था को 24 घंटे के भीतर मलबा हटाकर पूरे स्थल की सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि समय सीमा में सफाई नहीं होने पर संस्था पर जुर्माना लगाने के साथ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
काकादेव में खुद जांची सड़क की मोटाई
नगर आयुक्त ने जोन-6 के काकादेव क्षेत्र के वार्ड-20 में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने सड़क की गुणवत्ता का आकलन किया और तकनीकी उपकरण से उसकी मोटाई की जांच की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद, सहायक अभियंता और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
देवकी चौराहा-छपेड़ा पुलिया मार्ग पर धीमा मिला काम
इसके बाद नगर आयुक्त देवकी चौराहा से छपेड़ा पुलिया की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचे। यहां ट्रेंच की खुदाई का काम चल रहा था। उन्होंने पाया कि पिछले निरीक्षण में काम पूरा करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है।
इस पर उन्होंने संबंधित जोनल अभियंता को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। काम में तेजी लाने के लिए पहली और दूसरी पाली में अलग-अलग टीमें लगाकर कार्य कराने को कहा गया।
क्षेत्रीय पार्षद ने चौराहे पर बने यूरिनल की मरम्मत और सुधार की मांग भी रखी। नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता को यूरिनल का तकनीकी परीक्षण कर रिपोर्ट देने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम ग्रिड में मलबा देख भड़के नगर आयुक्त
नगर आयुक्त ने दीप सिनेमा से छोटे बाबा मंदिर तक सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण का भी निरीक्षण किया। पुलिस चौकी के पास सीएंडडी वेस्ट, मिट्टी और मलबा जमा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि 24 घंटे में पूरा मलबा हटाकर स्थल की सफाई नहीं की गई तो संस्था पर जुर्माना लगाने के साथ कार्रवाई की जाएगी।
30 सितंबर तक डीजीबीएम पूरा करने का दावा
इसके बाद नगर आयुक्त ने यूपी किराना स्कूल के पास सीएम ग्रिड के कार्यों का जायजा लिया। यहां भी सड़क को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए गए। कार्यदायी संस्था ने बताया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि जल निगम की एक पाइपलाइन की कनेक्टिंग का काम बाकी है। इसे दो दिन में पूरा करने का दावा किया गया।
नगर आयुक्त ने इस सड़क पर डीजीबीएम (Dense Graded Bituminous Macadam) का काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। संबंधित संस्था ने बताया कि 25 सितंबर से काम शुरू कराकर 30 सितंबर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा और काम की प्रगति की लगातार निगरानी की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *