कानपुर में धूप के बीच बारिश के आसार, 48 घंटे सक्रिय रहेगा मानसून
सुबह से तेज धूप ने बढ़ाई गर्मी, बादलों की आवाजाही के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछार की संभावना
कानपुर। रविवार सुबह से ही शहर में तेज धूप खिली रही। सुबह से ही लोगों को गर्मी और उमस का एहसास होने लगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिन में धूप के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
लो प्रेशर एरिया और ट्रफ लाइन के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण बारिश के बाद भी उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मानसून अभी सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार लो प्रेशर एरिया बनने और ट्रफ लाइन के उत्तर प्रदेश से गुजरने के कारण मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। कानपुर में बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।
सामान्य से अधिक रहा तापमान
सीएसए की शनिवार की मौसम रिपोर्ट के अनुसार कानपुर में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है।
शनिवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई। शाम को फिर बादलों ने डेरा डाल लिया। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच रविवार को भी शहरवासियों को धूप, बादल और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।
बारिश के बाद भी उमस करेगी परेशान
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वातावरण में नमी अधिक होने के कारण बारिश होने के बाद तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद उमस बनी रह सकती है। ऐसे में दिन के समय लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ सकता है। अगले दो दिनों में स्थानीय स्तर पर बनने वाले बादलों के कारण अलग-अलग इलाकों में बारिश की तीव्रता में अंतर रह सकता है।

