सीआरपीएफ जवान के 63 वर्षीय पिता की संदिग्ध हालात में मौत, बेटे ने जताया संदेह
कानपुर। सजेती थाना क्षेत्र के हरिरामऊ गांव में गुरुवार देर रात CRPF जवान के 63 वर्षीय पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जोधपुर में तैनात बेटे उदयवीर को फोन पर पिता की अचानक मौत की सूचना दी गई। देर रात घर पहुंचकर पिता का शव देखने के बाद उदयवीर को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सजेती थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौत की सही वजह स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
दोपहर में हुई थी पिता से फोन पर बात
हरिरामऊ निवासी उदयवीर CRPF में जोधपुर में तैनात हैं। परिवार में उनके पिता भगुनाथ (63) थे। कुछ समय पहले बीमारी के चलते उनकी मां की मौत हो चुकी है। परिवार में उदयवीर की पत्नी पिंकी देवी और बच्चे भी हैं। उदयवीर ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर उनकी पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। सब कुछ सामान्य था। देर रात उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शव देखकर बेटे ने जताया संदेह
पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद उदयवीर जोधपुर से घर के लिए रवाना हो गए। देर रात घर पहुंचने पर उन्होंने पिता का शव देखा। इसके बाद उन्हें मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिवार के लोगों से भी जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सजेती थाना प्रभारी अनज भारती ने बताया कि भगुनाथ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी मृत्यु की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

