30 अक्टूबर तक पूरा होगा 1.8 किमी लंबा सीएम ग्रिड मार्ग
दीपावली से पहले सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

कानपुर। शहर में सड़क निर्माण, स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार रात नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह भी मौजूद रहे।
रात्रि करीब 10 बजे अधिकारियों ने जोन-3 में दीप सिनेमा के पास सीएम ग्रिड के तहत निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि करीब 1.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का विकास सीएम ग्रिड के दूसरे चरण में कराया जा रहा है। परियोजना के लिए सितंबर में 924.84 लाख रुपये की दूसरी किश्त स्वीकृत हुई है। सड़क के साथ जल निकासी और जरूरी यूटिलिटी व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था ने बताया कि काम पूरा होने में नवंबर तक का समय लग सकता है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने और हर हाल में 30 अक्टूबर तक सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दीपावली से पहले मार्ग को पूरी तरह व्यवस्थित करने के साथ निर्माण में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का सख्ती से पालन करने को कहा। मौके पर व्हाइट टॉपिंग की गुणवत्ता भी जांची गई, जो संतोषजनक मिली।
सड़क पर नहीं फैलना चाहिए कूड़ा
इसके बाद अधिकारियों ने गौशाला चौराहे के पास गार्बेज वर्नेरेबल पॉइंट (जीवीपी) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पहले यहां बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा होकर सड़क तक फैल जाता था। अब कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था विकसित कर उसे प्लेटफॉर्म से उठाकर पास के ट्रांसफर स्टेशन भेजा जा रहा है।
डीएम ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कूड़ा सड़क पर न फैले। जीवीपी पर जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती और सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जूही क्षेत्र में पीसीटीएस और जीवीपी का भी निरीक्षण किया गया। यहां नियमित और समयबद्ध कूड़ा उठान, लगातार निगरानी और बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
दीपावली से पहले विशेष सफाई अभियान
त्योहारों को देखते हुए डीएम ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। जरूरत के अनुसार दो पालियों में कूड़ा उठान कराने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कहीं भी कूड़ा जमा या सड़क पर बिखरा न मिले। डीएम ने अधिकारियों को सड़क निर्माण और स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी करने के साथ गति, गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

