मां के प्रेम संबंध का विरोध करना पड़ा भारी, 14 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या

प्रेमी संग मिलकर हत्या का आरोप, पेट दर्द से मौत की रची कहानी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला राज, आरोपी प्रेमी फरार
कानपुर। जिस मां की गोद में एक मासूम ने दुनिया को समझना सीखा, उसी मां पर अपने बेटे की हत्या में शामिल होने का आरोप लगा है। महाराजपुर क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोर ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। किशोर ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर मां और उसके प्रेमी ने पहले उसकी पिटाई की और बाद में गला दबाकर उसकी जान ले ली। बेटे की मौत के बाद भी मां ने अपना गुनाह छिपाने के लिए पेट दर्द से मौत होने की कहानी सुना दी। लेकिन शव पर मिले चोट के निशानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी।
घटना के बाद आरोपी प्रेमी अपने घर पहुंचा और कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे बचा लिया, लेकिन जान बचने के बाद वह रात में ही घर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रेमी संग मां को देख लिया था बेटे ने
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब नौ बजे गांव का युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला का 14 वर्षीय बेटा अपने 12 वर्षीय छोटे भाई के साथ कमरे में पहुंच गया। किशोर ने मां और युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और इसका विरोध किया।
आरोप है कि विरोध करने पर महिला और उसके प्रेमी ने किशोर को चुप रहने के लिए डांटा। जब वह नहीं माना तो दोनों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। यह देखकर छोटा भाई डर गया और दूसरे कमरे में चला गया। इसी बीच दोनों ने किशोर का मुंह और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी युवक वहां से भाग निकला।
पेट दर्द से मौत की रची कहानी
शुक्रवार सुबह महिला ने ग्रामीणों को बताया कि उसके बेटे के पेट में अचानक दर्द हुआ था। हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। महिला ने बताया कि गुरुवार रात उसने अपने बड़े और मंझले बेटे को कुछ दूर स्थित चक्की से आटा लाने के लिए भेजा था। बड़ा बेटा लौटकर पेट दर्द की शिकायत करने लगा और देर रात उसकी हालत बिगड़ गई।
मंझले बेटे ने भी पुलिस को बताया कि भाई के पेट में दर्द के बाद उसके मुंह से झाग जैसा कुछ निकलने लगा था। पुलिस के मुताबिक, दहशत में छोटे भाई ने भी अपनी मां की बताई कहानी ही दोहरा दी।
शव देखकर ग्रामीणों को हुआ शक
जब ग्रामीणों ने किशोर का शव देखा तो उन्हें महिला की बात पर संदेह हुआ। किशोर के चेहरे और गले पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम में गला दबाने से मौत की पुष्टि
केपीएम अस्पताल के डॉक्टर मनोज कुमार राव ने किशोर का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। विस्तृत जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित किया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से तेज कर दी।
बेटे की मौत की सूचना पर फ्लाइट से पहुंचे पिता
किशोर का पिता गुजरात की एक निजी फैक्टरी में काम करता है। बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही वह फ्लाइट से शुक्रवार शाम गांव पहुंचा। वहां मंझले बेटे ने उसे भी शुरुआत में पेट दर्द से मौत की ही बात बताई। बाद में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना की असल वजह सामने आई।
घटना के बाद प्रेमी के घर जुटी भीड़
वारदात के बाद महिला और उसके कथित प्रेमी के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी युवक के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। ग्रामीणों के अनुसार महिला और युवक के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। युवक को कई बार रात के समय महिला के घर आते-जाते भी देखा गया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी युवक की पहले दो शादियां हो चुकी हैं, लेकिन दोनों पत्नियां उसे छोड़कर जा चुकी हैं।
पहले भी युवक से संबंध की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के कुछ समय पहले अपने से करीब आधी उम्र के एक युवक से भी संबंध थे। रिश्तों में खटास के बाद उक्त युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद महिला के संबंध दूसरे युवक से हो गए।
पुलिस अब महिला के पुराने और वर्तमान संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आत्महत्या की कोशिश के बाद प्रेमी फरार
किशोर की हत्या के बाद आरोपी प्रेमी अपने घर पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों ने उसे समय रहते बचा लिया। जान बचने के बाद वह रात में ही घर से निकल गया और तभी से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर किशोर की पिटाई की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को छिपाने के लिए पेट दर्द से मौत होने की कहानी बनाई गई।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हो चुकी है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *