तालाब की जमीन पर कब्जे के आरोप में 9 लोगों को नोटिस, 15 सितंबर को होगी सुनवाई
तालाब की जमीन पर कब्जे के आरोप में 9 लोगों को नोटिस, 15 सितंबर को होगी सुनवाई
घाटमपुर SDM कोर्ट में विचाराधीन है ग्राम पंचायत पतारा बनाम प्रदीप कुमार आदि वाद
घाटमपुर। पतारा कस्बे में तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत के मामले में घाटमपुर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत की जांच में भूमि तालाब के रूप में दर्ज पाए जाने के बाद SDM कोर्ट में वाद दर्ज कर नौ लोगों को नोटिस जारी किया गया है। मामले की सुनवाई आगामी 15 सितंबर को घाटमपुर SDM कोर्ट में होगी।
ग्रामीणों ने बीते दिनों SDM कार्यालय पहुंचकर घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह को शिकायत पत्र सौंपा था। इसमें पतारा कस्बे के तिलसड़ा रोड स्थित तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया था। शिकायत को संज्ञान में लेकर राजस्व स्तर पर जांच कराई गई। जांच में संबंधित भूमि तालाब के रूप में दर्ज मिली।
इसके बाद ग्राम पंचायत पतारा बनाम प्रदीप कुमार आदि के नाम से वाद संख्या T202603410308520, वर्ष 2026 दर्ज किया गया। मामले में गाटा संख्या 2009 से संबंधित नौ लोगों को नोटिस जारी कर 15 सितंबर को न्यायालय में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है।
नोटिस पाने वालों में प्रदीप कुमार पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी कांठीपुर, राजेश कुशवाहा पुत्र छोटे निवासी तिलसड़ा, सुरेश कुमार वर्मा पुत्र श्याम लाल ओमर निवासी तिलसड़ा, मीरा देवी पत्नी कौशल कुमार निवासी शिरोमणिपुर, अर्चना देवी पत्नी रामकृष्ण निवासी धौकलपुर, रानी पत्नी तनका निवासी पतारा, ललित सोनी पुत्र रामबाबू सोनी निवासी सैनिक नगर अहिरवां कानपुर, प्रशांत मेहरोत्रा पुत्र अशोक कुमार मेहरोत्रा निवासी 45/73 छपरा मोहाल कानपुर और पारस मेहरोत्रा पुत्र अशोक कुमार मेहरोत्रा निवासी छपरा मोहाल कानपुर शामिल हैं।
कोर्ट में उपस्थित न होने पर एकपक्षीय कार्रवाई
नोटिस में संबंधित पक्षों को निर्धारित तारीख पर SDM कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने की स्थिति में न्यायालय द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है। इसकी जिम्मेदारी संबंधित नोटिस प्राप्तकर्ताओं की होगी।
पंचायत भवन और सूचना बोर्ड पर चस्पा हुई नोटिस
मामले की सुनवाई की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए पतारा पंचायत भवन और ब्लॉक के सूचना बोर्ड पर नोटिस चस्पा की गई है। इसके अलावा संबंधित सूचना घाटमपुर नगर पालिका में भी चस्पा की गई है। वार्ड सदस्यों को भी मामले और आगामी सुनवाई की जानकारी दी गई है।

