कानपुर में बदला मौसम का मिजाज, रुक-रुककर बारिश से गर्मी से राहत

कानपुर में बदला मौसम का मिजाज, रुक-रुककर बारिश से गर्मी से राह

अगले दो-तीन दिन जारी रह सकता है बारिश का दौर, शाम के बाद बढ़ेगी गतिविधि

कानपुर में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। बारिश और हवाओं के चलते लोगों को पिछले दिनों से जारी उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो से तीन दिन तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। दिन में बादलों और धूप की आवाजाही बनी रहने की संभावना है, जबकि शाम के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश तो कहीं तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की वापसी के बीच बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण देश के कई हिस्सों में मानसून दोबारा सक्रिय हुआ है। इसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अक्टूबर के पहले सप्ताह तक पूरे उत्तर प्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई हो जाएगी। इससे पहले प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

डॉ. पांडेय के अनुसार शुक्रवार शाम के बाद बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक भी कानपुर और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

गुरुवार को सामान्य से कम रहा अधिकतम तापमान

सीएसए की गुरुवार की मौसम रिपोर्ट के अनुसार कानपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था।

गुरुवार को सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना रहा। दिन में कुछ समय तेज धूप निकली, जबकि बीच-बीच में घने बादल छाए रहे। शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट आने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *