करोड़पति दवा कारोबारी हत्याकांड: मां के जेल जाने से गुमसुम हुआ पांच साल का मासूम

करोड़पति दवा कारोबारी हत्याकांड: मां के जेल जाने से गुमसुम हुआ पांच साल का मासूम

करोड़पति दवा कारोबारी हत्याकांड: मां के जेल जाने से गुमसुम हुआ पांच साल का मासूम
बार-बार पूछता है—मम्मा कब आएंगी, दादू कहां गए? पिछले जन्मदिन पर दादू ने दिया था सरप्राइज गिफ्ट, इस बार नहीं होंगे साथ
कानपुर। रतन ऑर्बिट निवासी करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। हत्या की साजिश रचने के आरोप में कारोबारी की बहू शालू जेल में है। वहीं, मां के जेल जाने और दादा की हत्या के बाद परिवार का पांच साल का मासूम गहरे सदमे में है। परिजनों के मुताबिक, वह न तो ठीक से खाना खा रहा है और न ही चैन से सो पा रहा है। रात में अचानक डरकर उठ जाता है और मां को पुकारने लगता है।
दिनभर वह घर के सदस्यों से बार-बार अपनी मां और दादू के बारे में पूछता है। उसका मासूम सवाल होता है—“मम्मा कब आएंगी? दादू कहां गए?” परिवार के पास उसके सवालों का कोई जवाब नहीं है। परिजन कभी खिलौने देकर तो कभी बाहर घुमाने के बहाने उसे बहलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन शाम होते ही उसे मां की याद सताने लगती है। वह पिता के पास जाकर मां के पास जाने की जिद करता है।

दादू के बेहद करीब था मासूम
परिजनों के अनुसार, पांच वर्षीय बच्चा अपने दादा विनीत मिनोचा का बेहद लाडला था। दादा भी पोते पर खूब प्यार लुटाते थे। पिछले जन्मदिन पर विनीत ने पोते को सरप्राइज देते हुए स्पोर्ट्स बाइक गिफ्ट की थी। दादू का दिया तोहफा देखकर बच्चा खुशी से चहक उठा था। इस बार उसका जन्मदिन आएगा, लेकिन दादू उसके साथ नहीं होंगे।
बर्थडे का वीडियो आया सामने
पिछले जन्मदिन का वीडियो भी सामने आया है। 16 नवंबर 2025 को शालू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटे के जन्मदिन से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में पति सुब्रत पांच वर्षीय बेटे को स्कूल से लेकर घर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। शालू बेटे के स्वागत के लिए दरवाजे पर बेसब्री से इंतजार करती नजर आती है।
बेटे के जन्मदिन पर पूरे घर को लाल-नीले गुब्बारों से सजाया गया था। मेन गेट से लेकर कमरे तक वीडियो गेम के कार्टून वाले गुब्बारे लगाए गए थे। घर पहुंचने के बाद शालू ने बेटे को जन्मदिन की बधाई दी और कमरे में रखा केक देखकर बच्चा बेहद खुश नजर आया।
इसी दौरान कमरे से “हैप्पी बर्थडे बच्चे” कहते हुए दादा विनीत मिनोचा बाहर आए। दादू को सामने देखते ही बच्चा दौड़कर उनसे लिपट गया। इसके बाद शालू ने बेटे से कहा कि उसके लिए कमरे में एक सरप्राइज है। बच्चा दौड़कर कमरे में पहुंचा, जहां सफेद चादर से ढका हुआ गिफ्ट रखा था। चादर हटाते ही सामने स्पोर्ट्स बाइक देखकर उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह बाइक दादू विनीत ने उसे गिफ्ट की थी।
तब शायद विनीत को भी अंदाजा नहीं रहा होगा कि अगले जन्मदिन पर वह अपने पोते के साथ नहीं होंगे।
रील्स बनाने की शौकीन थी शालू
पुलिस जांच के बीच शालू के सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियां भी चर्चा में हैं। शालू ने Shalu Arora Minocha नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बना रखा था। उसके अकाउंट पर करीब 519 फॉलोवर बताए जा रहे हैं। उसने बेटे के जन्म से लेकर उसके जन्मदिन तक के कई वीडियो और तस्वीरें पोस्ट की हैं।
इसके अलावा पति के साथ शादी समारोह, दोस्तों के साथ किटी पार्टी और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों की तस्वीरें भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर मौजूद हैं। 16 मार्च 2020 को उसने अपनी बैचलर पार्टी की तस्वीरें भी साझा की थीं। एक तस्वीर में वह हाथों में कंगन, पैरों में मेहंदी और गालों पर हल्दी लगाए दिखाई दे रही है। दूसरी तस्वीर में उसके हाथ में ‘R.I.P. BACHELORHOOD’ लिखा पोस्टर था।
करवाचौथ पर भी उसने पति सुब्रत के साथ तस्वीरें पोस्ट की थीं। हत्या का मामला सामने आने के बाद उसके पुराने पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से आलोचनात्मक टिप्पणियां की जा रही हैं।
शालू और विशाल की चैट से साजिश की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने शालू समेत दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब जांच के दौरान पुलिस के हाथ शालू और हत्यारोपी विशाल गौतम के बीच हुई बातचीत की कुछ चैट लगी हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन चैट में दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क होने के संकेत मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि शुरुआत में विशाल शालू को गुड मॉर्निंग और गुड नाइट के संदेश भेजता था। उस समय शालू की ओर से कोई खास जवाब नहीं दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले से शालू ने भी विशाल को संदेश भेजना शुरू किया। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और शालू ने विशाल की तारीफ भी की।
पुलिस को आशंका है कि हत्या की साजिश करीब तीन माह पहले ही आकार लेने लगी थी। हालांकि, साजिश कब और किस तरह अंतिम रूप में आई, इसे लेकर पुलिस चैट और अन्य साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ रही है।
हत्या के बाद चैट डिलीट करने की कोशिश
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, हत्याकांड के बाद विशाल ने सबसे पहले शालू के साथ हुई चैट डिलीट की थी। हालांकि, वह व्हाट्सएप कॉल हिस्ट्री पूरी तरह डिलीट नहीं कर सका। पुलिस को दोनों के बीच हुई बातचीत के कुछ रिकॉर्ड भी मिले हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल आरोपी के बेटे के संपर्क में था और हत्याकांड वाले दिन भी बच्चे से उसकी बातचीत हुई थी। पुलिस अब इन सभी डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रही है।
फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी बरामद करने की तैयारी
विनीत की हत्या के बाद विशाल ने फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी देर रात अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर फेंक दी थी। पुलिस अब इस चाबी को बरामद करने के लिए आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) लेने की तैयारी में है। इसके लिए कोर्ट में आवेदन किया जाएगा।
पीसीआर मिलने के बाद पुलिस आरोपी से घटनाक्रम को सिलसिलेवार दोबारा पूछताछ करेगी और हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों तथा चाबी फेंकने की जगह की जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी। पुलिस का कहना है कि डिजिटल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को आपस में जोड़कर पूरे हत्याकांड की साजिश की तस्वीर स्पष्ट की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *