एलन मस्क की कंपनी का निदेशक बताकर युवक से पांच लाख की ठगी
निवेश पर आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर फंसाया, तीन आईडी बंद होने पर खुला फर्जीवाड़ा
कानपुर। एलन मस्क से जुड़ी कंपनी का निदेशक बताकर एक युवक से निवेश के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑनलाइन फाइनेंस कंपनी में निवेश करने पर आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर युवक को जाल में फंसाया गया। मुनाफे के लालच में पीड़ित ने तीन अलग-अलग आईडी बनाकर रकम निवेश की। कुछ समय तक ऑनलाइन खाते में मुनाफे की रकम दिखाई जाती रही, लेकिन तीनों आईडी अचानक बंद होने के बाद उसे ठगी का पता चला।
तिलक नगर निवासी अनुराग सिंह के मुताबिक मई 2025 में परिचित पारुल सिंह ने उनकी मुलाकात औरैया के दिबियापुर स्थित इंद्रानगर निवासी राहुल गुप्ता से कराई थी। बातचीत के दौरान राहुल ने खुद को अमेरिका के कारोबारी एलन मस्क से जुड़ी कंपनी ‘स्टार लिंक फाइनेंस’ का निदेशक बताया। उसने कंपनी के नेटवर्क मार्केटिंग के जरिये निवेश करने पर आकर्षक रिटर्न मिलने का दावा किया।
आरोप है कि राहुल ने व्हाट्सएप के माध्यम से कंपनी से संबंधित कई दस्तावेज भी भेजे। दस्तावेज और मुनाफे का झांसा देकर उसने अनुराग का भरोसा जीत लिया। भारी मुनाफे की उम्मीद में अनुराग ने कंपनी में निवेश करने के लिए तीन अलग-अलग आईडी बनाईं।
इसके बाद अनुराग ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्वरूप नगर शाखा स्थित अपने खाते से गूगल-पे के जरिए कंपनी की ओर से बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल पांच लाख रुपये भेज दिए। पीड़ित के मुताबिक निवेश के बाद कंपनी की ऑनलाइन आईडी पर लगातार रिटर्न की रकम दिखाई जाती रही, जिससे उसे निवेश के सही होने का भरोसा बना रहा।
तीनों आईडी अचानक हुईं बंद
अनुराग के मुताबिक निवेश की अवधि पूरी होने से करीब चार दिन पहले पिछले वर्ष 12 अगस्त को उनकी तीनों आईडी अचानक बंद कर दी गईं। इसके बाद उन्होंने राहुल से संपर्क किया तो वह स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल करने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर राहुल ने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद अनुराग को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
16 महीने बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
पीड़ित के मुताबिक उसने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर करीब 16 महीने बाद कोहना थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बैंक खातों में भेजी गई रकम, ऑनलाइन आईडी और आरोपी की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

