रामलीला और तपेश्वरी मंदिर की सुरक्षा परखी, डीसीपी पूर्वी ने दिए सतर्कता के निर्देश
कानपुर। त्योहारों के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने एसीपी कोतवाली, एसीपी कलेक्टरगंज और संबंधित थाना प्रभारियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने परेड में आयोजित होने वाली रामलीला और फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित तपेश्वरी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। रामलीला स्थल पर भीड़ प्रबंधन, पुलिस की तैनाती, निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई।
वहीं, तपेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी पूर्वी ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि दोनों प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त सतर्कता बरती जाए। भीड़ को व्यवस्थित रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहें।
उन्होंने कहा कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और आमजन व श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।


