पति की हिंदी सुनकर हैरान हुईं रश्मिका मंदाना

पति की हिंदी सुनकर हैरान हुईं रश्मिका मंदाना

विजय देवरकोंडा ने कहा- ‘अनिवार्य कारण’, तो बोलीं- ‘बेबी, ये कहां से आ रहा है?’

पति विजय देवरकोंडा की हिंदी सुनकर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना हैरान रह गईं। एक इंटरव्यू के दौरान विजय ने ‘अनिवार्य कारण’ शब्द का इस्तेमाल किया तो यह सुनकर रश्मिका ने कहा कि ये कहां से आ रहा है। दरअसल, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने हाल ही में पत्रकार शुभंकर मिश्रा को इंटरव्यू दिया। इसमें दोनों ने हिंदी में बातचीत की। इस दौरान अपनी बात कहते हुए विजय ने ‘अनिवार्य कारण’ शब्द का इस्तेमाल किया। विजय के हिंदी के शब्द सुनकर रश्मिका हैरान रह गईं और बोलीं, “अनिवार्य कारण… माय गॉड, बेबी! ये कहां से आ रहा है?” इस पर विजय ने जवाब दिया कि यह उनकी हिंदी क्लास और CBSE में पहली से दसवीं तक की पढ़ाई से आ रहा है। विजय की बात सुनकर रश्मिका ने कहा, “ओह माय गॉड, ये कितने साल पहले की बात है?” विजय ने आगे बताया कि उनके अंदर से अचानक यह शब्द निकल आया। इस पर रश्मिका हंसते हुए बोलीं कि यह तो उनके अंदर से ओवरफ्लो हो रहा है और उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा कि यह कहां से आ रहा है।

भाषा की ट्रोलिंग पर रश्मिका मंदाना ने जवाब दिया था

गौरतलब है कि रश्मिका ने हाल ही में अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के दौरान अपने एक्सेंट और भाषा को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह किसी एक भाषा में ही माहिर नहीं हैं। उनका करियर अलग-अलग भाषाओं और किरदारों के हिसाब से खुद को ढालने का रहा है। रश्मिका ने बताया था कि वह कोडवा हैं और कोडवा तक्क उनकी मातृभाषा है। उन्होंने कहा कि वह सभी भाषाओं को अपनी भाषा मानती हैं। एक्सेंट को लेकर ट्रोलिंग पर उन्होंने कहा कि अब उन्हें लोगों की राय सुनने की आदत हो गई है।

रश्मिका ने बताया- विजय ने बढ़ाया कॉन्फिडेंस

रश्मिका और विजय जल्द ही फिल्म ‘रणबाली’ में साथ नजर आएंगे। राहुल सांक्रित्यायन के निर्देशन में बनी यह पीरियड ड्रामा फिल्म 16 अक्टूबर को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी। फिल्म को माइथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। सुधीर श्रीनिवासन को दिए इंटरव्यू में रश्मिका ने बताया कि ‘गीता गोविंदम’ के दौरान विजय ने उनका कॉन्फिडेंस बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी।

रश्मिका ने कहा कि उनकी पर्सनैलिटी नहीं बदली है। वह दया में विश्वास करती हैं, चाहती हैं कि सब खुश रहें, और अपने काम से जो हासिल किया है उसे बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करती हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले बहुत अंडरकॉन्फिडेंट थीं और किसी से बात करने या आई कॉन्टैक्ट करने से भी बचती थीं। उन्होंने बताया कि “गीता गोविंदम” में विजय को देखकर वह उनके कॉन्फिडेंस से इम्प्रेस हुईं। रश्मिका के मुताबिक, उन्हें लगा कि अगर वह विजय के कॉन्फिडेंस के साथ बोल और बिहेव कर पातीं, तो वह अपनी जिंदगी में उस लेवल तक पहुंचना चाहेंगी।

रश्मिका ने बताया कि विजय उनसे कहते थे, “तुम जितना खुद को समझती हो, उससे कहीं ज्यादा करने में सक्षम हो।” उन्होंने कहा कि आज भी उन्हें अपनी क्षमता पर भरोसा करने में परेशानी होती है, लेकिन विजय की यह बात उन्हें आगे बढ़ने में मदद करती रही है।

रश्मिका ने कहा कि आज भी वह विजय से अफर्मेशन मांगती हैं और उन्हें अपनी बात सुनने की जरूरत महसूस होती है। उन्होंने कहा कि वह इस चीज को बदलना नहीं चाहतीं और उन्हें नहीं लगता कि यह बदलेगी। रश्मिका और विजय ने 26 फरवरी 2026 को राजस्थान के उदयपुर के पास आईटीसी मेमेंटोस रिजॉर्ट में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। दोनों ने तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों से दो समारोहों में शादी की। इसके बाद दोनों ने 4 मार्च 2026 को हैदराबाद में स्टार-स्टडेड वेडिंग रिसेप्शन भी आयोजित किया था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *