उन्नाव के नितिन गुप्ता ने जयपुर में जीता स्वर्ण पदक, जनपद का नाम रोशन किया
21.098 किलोमीटर हाफ मैराथन रेस वॉक में 1:29:51 घंटे का समय निकालकर रहे प्रथम, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने दी बधाई
उन्नाव। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित छठी इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्नाव के एथलीट नितिन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने पुरुषों की 21.098 किलोमीटर हाफ मैराथन रेस वॉक स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में नितिन गुप्ता ने 1:29:51.00 घंटे का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राजस्थान के सचिन गढ़वाल ने 1:30:04.00 घंटे के समय के साथ रजत पदक, जबकि उत्तराखंड के तुषार पंवार ने 1:30:19.00 घंटे का समय निकालकर कांस्य पदक जीता।
नितिन की इस उपलब्धि पर डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स एसोसिएशन, उन्नाव के अध्यक्ष रणविजय सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसोसिएशन के सचिव सिद्धार्थ कृष्णा ने बताया कि नितिन का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है और वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
नितिन की स्वर्णिम सफलता पर एसोसिएशन के सोनू, टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन, गौरव यादव, कोषाध्यक्ष राकेश, खेलो इंडिया सेंटर उन्नाव के कोच कुश्मेश कुमार तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल एवं बेसिक के शिक्षक डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। नितिन की इस उपलब्धि से जनपद के खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता उन्नाव के युवा और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।


