40 दुकान चौराहे पर धंसा 30 फीट नाला, सैकड़ों दुकानों में घुसा गंदा पानी….

40 दुकान चौराहे पर धंसा 30 फीट नाला, सैकड़ों दुकानों में घुसा गंदा पानी….

कानपुर। किदवई नगर से यशोदा नगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित 40 दुकान चौराहे के बीचोंबीच करीब 30 फीट सड़क और नाला धंसने से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया। जलनिकासी बाधित होने के कारण आसपास की सैकड़ों दुकानों में करीब दो-दो फीट तक गंदा पानी भर गया। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

नगर निगम और जल निगम की लापरवाही से नाराज व्यापारियों ने जलभराव के बीच खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल उत्तम और वरिष्ठ महामंत्री राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इसके बाद व्यापारी लामबंद होकर जल संस्थान कार्यालय जोन-3, बाबा कुटी पहुंचे और अधिकारियों का घेराव कर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि 40 दुकान चौराहा दक्षिण कानपुर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। नाला टूटने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई है और दूषित पानी दुकानों में घुस रहा है।

व्यापारियों का आरोप है कि धंसे हुए नाले के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। इसमें आए दिन दोपहिया और चार पहिया वाहन फंस रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। व्यापारियों ने जल निगम और जल संस्थान से आपात स्थिति में नाले का तत्काल निर्माण कराने तथा जलभराव से राहत दिलाने की मांग की है।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो व्यापारी अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Manoj Shukla

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *