डॉ. संजय कपूर लगातार दूसरी बार यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन बने
यूपीसीए की एजीएम में चार निदेशकों समेत गवर्निंग काउंसिल सदस्य की भी पुनर्नियुक्ति, वाराणसी में जल्द शुरू होंगे घरेलू मुकाबले

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की 21वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) में कानपुर के डॉ. संजय कपूर को लगातार दूसरी बार यूपी टी-20 लीग का चेयरमैन बनाया गया। बुधवार को होटल लैंडमार्क में हुई एजीएम में चार निदेशकों अभिषेक सिंघानिया, अशोक चतुर्वेदी, रियासत अली और प्रदीप कुमार गुप्ता को भी कार्यकाल पूरा होने के बाद दोबारा नियुक्त किया गया।
गाजीपुर के संजीव कुमार सिंह को भी एक बार फिर यूपीसीए की गवर्निंग काउंसिल का सदस्य चुना गया। एजीएम में विभिन्न कमेटियों के गठन और उनसे जुड़े मामलों पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार यूपीसीए अध्यक्ष और सचिव को सौंपा गया।
वाराणसी में जल्द होंगे घरेलू क्रिकेट मुकाबले
एजीएम के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि पूर्व न्यायाधीश विनीत शरण को यूपीसीए का लोकपाल और कृष्ण मुरारी को एथिक्स ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
उन्होंने वाराणसी में तैयार हो रहे यूपीसीए के नए स्टेडियम को लेकर कहा कि वहां जल्द ही घरेलू क्रिकेट के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले स्थानीय स्तर के मैच कराकर पिच और मैदान की स्थिति को परखा जाएगा। इसके बाद स्टेडियम में बड़े स्तर के घरेलू मुकाबलों के आयोजन की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।
डब्ल्यूपीएल की मेजबानी के लिए विकल्प में काशी स्टेडियम
राजीव शुक्ला ने बताया कि अगले वर्ष होने वाली बीसीसीआई की महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की मेजबानी के लिए वाराणसी के काशी स्टेडियम को बड़ौदा के साथ विकल्प के तौर पर रखा गया है। यदि स्टेडियम निर्धारित समय तक पूरी तरह तैयार हो जाता है और आवश्यक मानकों पर खरा उतरता है तो वहां डब्ल्यूपीएल के मुकाबले आयोजित किए जा सकते हैं।
सीएसजेएमयू के नए स्टेडियम के साथ एमओयू की तैयारी
कानपुर में कमला क्लब की लीज खत्म होने और ग्रीन पार्क स्टेडियम में कायाकल्प का काम शुरू होने के मद्देनजर यूपीसीए शहर में वैकल्पिक क्रिकेट मैदान तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है।
राजीव शुक्ला ने बताया कि सीएसजेएमयू में बन रहे नए स्टेडियम को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन से बातचीत चल रही है। यूपीसीए इसके साथ एमओयू करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में एक स्तरीय क्रिकेट मैदान की जरूरत है। करार होने के बाद वहां यूपीसीए की क्रिकेट गतिविधियां शुरू की जा सकेंगी।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
एजीएम में यूपीसीए अध्यक्ष निधिपति सिंघानिया, सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष साचेन आनंद शुक्ला, उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, संयुक्त सचिव डॉ. उमेर हसन, सीईओ अंकित चटर्जी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

