ऑनलाइन गेमिंग में कक्षा सात के छात्र ने गंवाए 5.06 लाख, पिता के खाते से निकली रकम

ऑनलाइन गेमिंग में कक्षा सात के छात्र ने गंवाए 5.06 लाख, पिता के खाते से निकली रकम

कानपुर। ऑनलाइन गेमिंग की लत में कक्षा सात के एक छात्र ने पिता के बैंक खाते से करीब 5.06 लाख रुपये गंवा दिए। खाते से रकम निकालने बैंक पहुंचे पिता को जब खाते में जमा रकम गायब मिली तो उनके होश उड़ गए। मामले में पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिसके बाद साइबर थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जमीन बेचकर बैंक में जमा की थी रकम

सचेंडी के चकरपुर गांव निवासी राजकुमार के मुताबिक, उन्होंने पिछले वर्ष करीब डेढ़ बीघा जमीन 1.20 करोड़ रुपये में बेची थी। जमीन बेचने के बाद मिली रकम बैंक ऑफ इंडिया की चकरपुर शाखा स्थित अपने खाते में जमा की थी। राजकुमार का 14 वर्षीय बेटा कक्षा सात में पढ़ता है और मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता है। आरोप है कि बेटे ने गेमिंग के दौरान पिता के बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर दी।

11 से 17 सितंबर के बीच कई बार हुआ ट्रांसफर

राजकुमार के मुताबिक, 11 से 17 सितंबर के बीच उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग खातों में करीब 5.06 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। उन्हें इसकी जानकारी तब हुई, जब वह 18 सितंबर को बैंक में रकम निकालने पहुंचे। खाते से बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से जानकारी ली और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह सचेंडी थाने भी पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद भी मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर मामले को साइबर थाने भेजा गया, जहां मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब खाते से हुई यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। अलग-अलग खातों में भेजी गई रकम, ट्रांजेक्शन की जानकारी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *