पांडु नदी में डूबे युवक का 18 घंटे बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के रमजीपुरवा गांव में शुक्रवार शाम साथियों के साथ मछली पकड़ने गया 25 वर्षीय युवक पांडु नदी में डूब गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने युवक की तलाश शुरू की। करीब 18 घंटे बाद शनिवार को नमक फैक्ट्री के पास नदी से उसका शव बरामद हुआ। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक रमजीपुरवा गांव निवासी अमित कुमार शर्मा (25) पुत्र राजकुमार शुक्रवार शाम साथियों के साथ मछली पकड़ने पांडु नदी गया था। इसी बीच वो गांव के सामने नदी में वह डूब गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तकरीबन 18 घन्टे बाद घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर नमक फैक्ट्री के पास युवक का शव मिला।
मृतक अमित शटरिंग का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे के बाद माँ आशा का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका है। बताया गया कि बीते पांच वर्षों में बीमारी के चलते अमित के दो बड़े भाइयों और एक बड़ी बहन की मौत हो चुकी थी।


