रेल मंत्रालय के अधिकारी के घर से पुश्तैनी जेवर-नकदी चोरी, जलभराव के चलते घर छोड़कर गई थी मां
कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर स्थित बाजपुर मोड़ पर चोरों ने रेल मंत्रालय में तैनात एक अधिकारी के बंद मकान को निशाना बना लिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पुश्तैनी सोने-चांदी के कीमती जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। मकान में रहने वाली अधिकारी की मां लगातार बारिश और जलभराव के कारण रिश्तेदारी में चली गई थीं। करीब 22 दिन बाद किरायेदार के फोन से चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाजपुर मोड़ निवासी अपूर्व बाजपेयी दिल्ली में रेल मंत्रालय में एसओ के पद पर कार्यरत हैं। उनके गांव स्थित मकान में उनकी 53 वर्षीय मां राधा देवी अकेले रहती हैं। अपूर्व के मुताबिक, लगातार बारिश और घर के चारों ओर जलभराव होने के कारण उनकी मां को 27 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे मकान छोड़ना पड़ा। वह गल्ला मंडी, चंदन नगर निवासी रिश्तेदार प्रमोद तिवारी के घर चली गई थीं।
मकान में फतेहपुर निवासी सीता नाम की युवती भी किराये पर रहती है। जो कि जीएनएम की छात्रा है और वह भी राधा देवी के साथ ही अपने घर चली गई थी। अचानक घर छोड़ने के कारण राधा देवी अपने साथ केवल दो कपड़े, दवाएं, मोबाइल और चार्जर ही ले जा सकी थीं। इसके बाद मकान में ताला बंद कर दिया गया। घर पर कोई मौजूद नहीं था।
किरायेदार के फोन से खुला चोरी का मामला
अपूर्व बाजपेयी ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे किरायेदार सीता ने फोन कर राधा देवी को मकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी। उसने बताया कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने पर राधा देवी, अपूर्व बाजपेयी और परिवार के अन्य सदस्य मकान पहुंचे। वहां मां के रहने वाले हिस्से का ताला टूटा मिला और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
परिवार के मुताबिक, घर में रखे सामान की देखरेख राधा देवी ही करती थीं। जांच करने पर पता चला कि घर से पुश्तैनी सोने-चांदी के कीमती और भारी जेवरात के साथ नकदी भी गायब है।
पूछतांछ में किराएदार सीता ने बताया कि घर के मेनगेट के पास पानी कम होने के चलते वो कॉलेज से पढ़कर मकान में वापस आयी थी इसी बीच उसे मकान मालकिन राधा देवी के कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया था और इस बात की जानकारी फोन पर उनको दी । रमईपुर कस्बा चौकी इंचार्ज आंनद ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल की जा रही है कुछ संदिग्ध लोगों को पूछतांछ के लिए उठाया गया था जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा ।


