प्रसव के बाद नवजात गायब करने का आरोप, नर्सिंग होम में परिजनों का हंगामा

प्रसव के बाद नवजात गायब करने का आरोप, नर्सिंग होम में परिजनों का हंगामा

कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित नर्सिंग होम का मामला, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार; मिसकैरेज और चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत अबॉर्शन की दी जानकारी

कानपुर। कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती गर्भवती महिला के परिजनों ने प्रसव के बाद नवजात को गायब करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला ने देर शाम बच्चे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने न तो उन्हें बच्चा दिखाया और न ही उसके संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी दी। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली। हालांकि, नर्सिंग होम प्रबंधन ने नवजात को गायब करने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है।

उन्नाव के बांगरमऊ निवासी राज कश्यप अपनी पत्नी सोनी के साथ इंदिरानगर में किराये के मकान में रहते हैं। शनिवार देर शाम सोनी के पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उन्हें इंदिरानगर स्थित एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने महिला को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद अस्पताल की ओर से उन्हें बताया गया कि महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। इसके बाद परिवार के लोग बच्चे को देखने के लिए अस्पताल के कर्मचारियों से जानकारी लेते रहे। आरोप है कि काफी पूछताछ के बावजूद उन्हें न तो बच्चा दिखाया गया और न ही उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई।

परिजनों ने जब अस्पताल प्रबंधन से बच्चे के बारे में दोबारा जानकारी मांगी तो उन्हें स्थिति संदिग्ध लगी। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद बच्चे को उनसे छिपाया गया और बाद में उसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर इंदिरानगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों से भी घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली।

अस्पताल बोला- मिसकैरेज हुआ, महिला की सुरक्षा के लिए किया गया अबॉर्शन

वहीं, नर्सिंग होम प्रबंधन ने नवजात को गायब करने के आरोपों से इनकार किया। अस्पताल की ओर से पुलिस को बताया गया कि महिला का मिसकैरेज हुआ था। महिला की सुरक्षा को देखते हुए चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत अबॉर्शन किया गया था।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, महिला के पति को इस संबंध में जानकारी दी गई थी। इसके बाद भ्रूण को नियमानुसार डिस्पोज कर दिया गया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में नवजात को गायब करने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी जांच

कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला के पति को मिसकैरेज होने और महिला की सुरक्षा के लिए अबॉर्शन किए जाने की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इसके बाद भ्रूण को नियमानुसार डिस्पोज कर दिया गया था।

थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *