मोदी बोले- नशा युवाओं के लिए चुनौती, इससे मुक्ति जरूरी:PM ने मन की बात में बताया, खोया मोबाइल संचार साथी से कैसे मिलेगा
पीएम मोदी ने मन की बात के 140वें एपिसोड में नशे की लत पर बात की। उन्होंने कहा- मैं आज एक जरूरी विषय उठा रहा हूं। वो है ड्रग्स। हमारे युवा आज बड़े बड़े सपने देख रहे हैं। लेकिन युवाओं के लिए नशा एक चुनौती बन गई है।
आज ऐसे कितने ही उदाहरण देखने को मिले हैं जिन्होंने ड्रग्स के खिलाफ जीवन की लड़ाई लड़ी है।
पीएम ने संचार साथी एप का भी जिक्र किया। कहा कि अगर मोबाइल फोन खो जाए तो यह एप उसे ढूंढने में आपकी मदद करेगा।
पीएम मोदी ने कॉल पर जुड़े एक युवक से पूछा- आप बताइए आप नशे की लत में कैसे पहुंचे।

युवक ने कहा- मैं दिल्ली के सदर बाजार में रहता था। मैं देखता था कि लोग आसपास नशा कर रहे थे। मैंने 10वीं में पहली बार नशा किया। पहले शौक था। फिर मुझे लत लग गई। इतनी बुरी आदत लगी कि घर के सारे पैसे वहीं खर्च कर देता था।
मोदी ने पूछा- आप इस लत से बाहर कैसे आए?
जवाब- मेरे पापा- मम्मी की मौत कम उम्र में हो गई थी। मैं नानी के यहां आ गया था। जब नानी की मौत हुई तो मैं अनाथ हो गया। मैं नशे की लत में था। सड़कों पर घूमता था। मुझे मौत दिखने लगी। मेरा एक दोस्त था, जिससे मुझे उम्मीद थी। जब मुझे उसने भी मना कर दिया तो लगा कि इस नशे की वजह से मैं सब कुछ खो चुका हूं। फिर मुझे लगा मुझे इसे छोड़ देना चाहिए। मैंने खुद वसंत कुंज में एक नशामुक्ति केंद्र ढूंढा और अपनी जिंदगी बदली।
पीएम ने कहा- दोस्त, मैं आपको फिर से बहुत बधाई दूंगा कि आप ड्रग्स की इस भयानक लत से बाहर निकले। आपने दिखाया है कि जब इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता है। आपकी बातें सुनकर ऐसे अनेक युवाओं को शक्ति मिलेगी, जो ड्रग्स की लत को छोड़ना चाहते हैं।
पीएम बोले- सीखने की कोई उम्र नहीं होती
पीएम मोदी ने कहा- जीवन में जब भी हम कुछ नया सीखते हैं, तो हमें एक अलग ही आनंद की अनुभूति होती है और सीखने की तो कोई उम्र भी नहीं होती। आज मैं आपसे देश के उन लाखों सरकारी कर्मचारियों की बात करना चाहता हूं। इनमें कुछ नया सीखने का उत्साह देखने को मिल रहा है।
मोदी ने कहा- इनमें से कई लोग 20-25 सालों से सरकारी सेवा में हैं। इतना लंबा अनुभव होने के बावजूद ये अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए कुछ नया सीखने के लिए भी समय निकाल रहे हैं, और इसके लिए वो, एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद ले रहे हैं। इसका नाम है ‘iGOT कर्मयोगी’।
उन्होंने कहा कि इस प्लेटफार्म पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारियों ने अनेक कोर्स पूरे किए हैं। कोई AI की पढ़ाई कर रहा है, तो कोई साइन लैंग्वेज सीख रहा है। AI और नई पढ़ाई को लेकर हमारे कर्मयोगियों में, मैं, विशेष उत्साह देख रहा हूं।
पीएम के मन की 5 खास बातें…
- फोन खो जाए तो संचार साथी एप आपकी मदद करेगा। एप पर फोन का IMEI नंबर ब्लॉक कर दें,ऐप आपका फोन तलाशेगा। इसकी मदद से 14 लाख से ज्यादा फोन ढूंढे गए हैं। पुणे के हिमांशु सिंह ने ऐसे ही 300 से ज्यादा नंबरों को ‘संचार साथी’ पर रिपोर्ट किया था।
- मेरी आपसे गुजारिश है कि जहां भी जाएं वहां म्यूजियम जरूर जाएं। अभी हाल ही में दुनिया की रैंकिंग में बिहार के पटना के म्यूजियम को 9वां रैंक मिला है। ये पेरिस और अमेरिका के कई प्रसिद्ध म्यूजियम्स से आगे है।
- कला की दुनिया के ओलंपिक कहलाने वाले वेनिस आर्ट बिएनाले में 4.5 लाख लोगों ने भारत के पवेलियन का दौरा किया। दुनियाभर के लोगों ने वोट करने के बाद हमें पूरी दुनिया में नंबर देश चुना है।
- भारत की चॉकलेट भी दुनिया में अपनी खास पहचान बना रही है। पिछले ही साल, चॉकलेट और कोको से बनी चीजों का एक्सपोर्ट करीब 25 प्रतिशत बढ़ा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में चॉकलेट बनाने वाले उद्यमी भी नए आइडियाज के साथ आगे आ रहे हैं।
- 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी। हमारी फुटबाल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप जीती है। बैडमिंटन में लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब जीते। वी. सिंधु ने हायलो ओपन जीतकर एक और खिताब भारत के नाम कर दिया।


