विमला नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार, एसडीएम बोले- दोनों पक्षों को बुलाकर होगी जांच

कानपुर। बिधनू के हरदौली स्थित विमला नर्सिंग कॉलेज में निर्धारित सीटों से अधिक दाखिले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कॉलेज प्रशासन के खिलाफ लगातार दो दिन प्रदर्शन करने के बाद शनिवार को छात्र जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। यहां छात्रों की मुलाकात एसडीएम सदर से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि मामले में दोनों पक्षों को बुलाकर जानकारी ली जाएगी। इसके बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

छात्रों का आरोप है कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) से कॉलेज को 40 सीटों की अनुमति मिली है, जबकि कॉलेज प्रशासन ने 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दे दिया है। इस तरह 20 अतिरिक्त दाखिले किए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। छात्रों को आशंका है कि निर्धारित सीटों से अधिक प्रवेश होने पर परीक्षा और डिग्री की मान्यता को लेकर परेशानी हो सकती है।

इससे पहले शुक्रवार को प्रदर्शन के दूसरे दिन छात्रों ने कॉलेज परिसर में चेयरमैन अजीत सचान का घेराव कर उन्हें लिखित शिकायत पत्र सौंपा था। विद्यार्थियों ने सवाल उठाया था कि जब कॉलेज को 40 सीटों की अनुमति मिली है तो 60 छात्रों को किस आधार पर प्रवेश दिया गया। छात्रों का कहना है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन से शिकायत करने का फैसला किया।

दोनों पक्षों को बुलाकर होगी जानकारी

शनिवार को डीएम कार्यालय पहुंचे छात्रों ने एसडीएम सदर को अपनी समस्या बताई और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। एसडीएम सदर ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन और छात्रों, दोनों पक्षों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

छात्रों ने मांग की है कि आईएनसी से स्वीकृत सीटों और कॉलेज में हुए दाखिलों की जांच कराई जाए। साथ ही सभी विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित किया जाए। फिलहाल प्रशासन के अगले कदम पर छात्रों की निगाहें टिकी हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *