डीएम ने देर रात परखी सड़क निर्माण की गुणवत्ता, चौराहों का चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश

कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए डीएम ने देर रात प्रमुख सड़क परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त के साथ पहुंचे डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सरसैया घाट चौराहे पर लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्यों का जायजा लिया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत ग्रीन पार्क से परेड, नई सड़क होते हुए घंटाघर तक करीब 2.85 किलोमीटर लंबे मार्ग पर चल रहे सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।

डीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न करने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की अनिवार्य रूप से मटेरियल लैब में जांच कराई जाए। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं, ताकि सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ रहें।

उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त टीमें और संसाधन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा। डीएम ने सड़क निर्माण के साथ ही प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण कराने और यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण व अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि शहर में सुगम यातायात और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क परियोजनाओं को समय से पूरा कराकर कानपुर को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जाए।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *