आईटीआई निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने पर जोर, 70 प्रतिशत युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कानपुर नगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने नवीन सभागार में आयोजित बैठक में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आईटीआई में चल रहे निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रमाणपत्र वितरण और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति का जायजा लिया।

बैठक में राजकीय आईटीआई पांडु नगर में नवनिर्मित आईटी लैब, वर्कशॉप और कक्षाओं के हस्तांतरण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि जिला टास्क फोर्स समिति के निरीक्षण में मिली कमियों को कार्यदायी संस्था द्वारा दूर कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कमियों को जल्द दूर कराते हुए फायर सेफ्टी सहित सभी जरूरी प्रमाणपत्र प्राप्त किए जाएं, ताकि हस्तांतरण की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके।
आईटीआई में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कार्यदायी संस्था को आवंटित धनराशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र निदेशालय को भेज दिया गया है।
कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण केंद्रों की कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत संचालित दो प्रशिक्षण केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, प्रशिक्षणार्थियों से सीधे फीडबैक लेने तथा उन्हें दी जाने वाली अध्ययन सामग्री और यूनिफॉर्म के वितरण का सत्यापन कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण प्रदाताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कम से कम 70 प्रतिशत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार पाठ्यक्रम चुनने और निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा दी जा रही है। प्रशिक्षणार्थियों को दो सेट यूनिफॉर्म और अध्ययन सामग्री भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाती है। प्रशिक्षण के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाती है। वहीं, ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 में पूर्ण हो चुके प्रशिक्षण बैचों के लंबित असेसमेंट एवं प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय स्तर पर लंबित मामलों का प्रभावी अनुसरण करते हुए जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं तक पहुंचे, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

