हाईवे पर चेकिंग में 11 बसें मिलीं मानकों के विपरीत, तीन लाख रुपये के चालान
कानपुर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने हाईवे पर दो दिवसीय चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर 11 बसों के करीब तीन लाख रुपये के चालान किए गए। वहीं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 49 चालकों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।
मुख्य सचिव के निर्देश पर प्रदेशभर में 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीम हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही है। अभियान के दौरान कई बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम नदारद मिले। किसी बस में अग्निशमन यंत्र नहीं था तो किसी में लगे फायर सिलिंडर की वैधता समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा कई बसों में इमरजेंसी विंडो भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
जांच के दौरान एमपी 44 जेडएफ 2029 नंबर की बस में सीट बेल्ट नहीं मिली। बस में आग बुझाने के उपकरण के साथ फायर बॉक्स और इमरजेंसी विंडो भी नहीं थी। इस पर प्रवर्तन अधिकारी ने 21,500 रुपये का चालान किया। वहीं एआर 01 क्यू 6379 नंबर की बस में दो फायर सिलिंडर के स्थान पर केवल एक ही मिला। बस की इमरजेंसी विंडो भी मानक के अनुरूप नहीं थी।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बसों में सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी वैधता की भी जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 49 चालकों के चालान कर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।


