सीएम ग्रिड के काम में देरी पर नगर निगम सख्त, रोजाना एक लाख रुपये जुर्माने की चेतावनी

सीएम ग्रिड के काम में देरी पर नगर निगम सख्त, रोजाना एक लाख रुपये जुर्माने की चेतावनी

चिड़ियाघर के पास सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, रात एक बजे किया औचक निरीक्षण; 20 दिसंबर तक काम पूरा करने की समयसीमा तय

कानपुर। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में देरी को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। चिड़ियाघर के पास सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार मिलने पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने नाराजगी जताई। वह गुरुवार देर रात करीब एक बजे अचानक मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान काम की गति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह में काम तेज करने का अल्टीमेटम दिया।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि दोनों मशीनों को चालू कर सड़क के दोनों ओर समानांतर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कार्यदायी संस्था पर प्रतिदिन एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने की चेतावनी दी गई। उन्होंने मुख्य अभियंता को संबंधित संस्था के खिलाफ चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए।

5,400 मीटर फुटपाथ का होना है निर्माण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत कुल 5,400 मीटर फुटपाथ का निर्माण प्रस्तावित है। अभी तक सड़क के एक ओर करीब 1,750 मीटर हिस्से में सड़क निर्माण और 2,000 मीटर क्षेत्र में यूटिलिटी संबंधी काम पूरा हुआ है। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संसाधन बढ़ाकर काम में तेजी लाने को कहा।

20 दिसंबर तक पूरा करना होगा काम

नगर आयुक्त ने परियोजना के सभी कार्यों को पूरा करने के लिए 20 दिसंबर की अंतिम समयसीमा निर्धारित की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय तारीख तक हर हाल में काम पूरा होना चाहिए। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रात में भी होगी निगरानी

नगर आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रिड योजना शासन की प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसमें देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी वजह से रात में भी औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि मौके पर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी रखें।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *