रूस में नौकरी का झांसा देकर भेजा पनकी का युवक लापता, परिवार से मांगी चार लाख की फिरौती
टेलीग्राम पर धमकी- रुपये नहीं दिए तो युद्ध में भेज देंगे या सिर काटकर भेजेंगे; 4 नवंबर से बेटे का फोन बंद, मां ने पीएम और सीएम से लगाई गुहार
कानपुर। विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी तनख्वाह का सपना दिखाकर पनकी के एक युवक को रूस भेज दिया गया। वहां पहुंचने के बाद शुरुआती दिनों में परिवार से उसकी लगातार बातचीत होती रही, लेकिन अचानक संपर्क टूट गया। अब युवक की सलामती के नाम पर परिवार से चार लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। टेलीग्राम पर संपर्क करने वाले व्यक्ति ने रुपये नहीं देने पर युवक को युद्ध में भेजने या उसका सिर काटकर परिवार को भेजने की धमकी दी है। बेटे के लापता होने और फिरौती की धमकी मिलने से पूरा परिवार दहशत में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से बेटे की सुरक्षित वापसी कराने की गुहार लगाई है।
पनकी के रतनपुर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय सोहन पाल बाइक धुलाई सेंटर चलाते थे। उनकी बहन खुशबू पाल के मुताबिक, सोहन की दुकान पर दो स्थानीय युवक और एक अन्य युवक अक्सर आते थे। इनमें से एक खुद को पुलिस कांस्टेबल बताता था। तीनों ने सोहन को रूस में कार चालक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। अच्छी तनख्वाह मिलने की बात कहकर उसे विदेश जाने के लिए तैयार कर लिया। सोहन का पासपोर्ट पहले से बना हुआ था, इसलिए विदेश जाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो गई।
11 अक्टूबर को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे तीनों युवक

परिवार के मुताबिक, 11 अक्टूबर को तीनों युवक सोहन को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे। वहां से वह दिल्ली पहुंचा और फिर फ्लाइट से रूस की राजधानी मॉस्को चला गया। 15 अक्टूबर को सोहन ने रूस से फोन कर परिवार को बताया कि वह नौकरी पर पहुंच गया है। इसके बाद करीब चार नवंबर तक परिवार की उससे रोजाना बातचीत होती रही। वह वीडियो कॉल के जरिए भी घरवालों से बात करता था। शुरुआती बातचीत में उसने किसी तरह की परेशानी नहीं बताई थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा विदेश में नौकरी करके घर की आर्थिक स्थिति बेहतर करेगा।
आरोपित के खाते में भेजे थे 46 हजार रुपये
बहन खुशबू के मुताबिक, रूस पहुंचने के दौरान सोहन ने 46 हजार रुपये एक आरोपित युवक के बैंक खाते में भेजे थे। बाद में यह रकम उसके बड़े भाई ओमजीत के खाते में ट्रांसफर की गई। परिवार के अनुसार, इस लेनदेन के बाद भी सोहन से बातचीत होती रही, लेकिन चार नवंबर के बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। कई बार फोन लगाने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। परिवार ने सोहन को रूस भेजने वाले तीनों युवकों से उसके बारे में जानकारी मांगी, लेकिन आरोप है कि वे स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल करते रहे।
टेलीग्राम पर चार लाख रुपये मांगे, नहीं देने पर दी खौफनाक धमकी
इसके बाद आरोपित युवकों के बताए अनुसार सोहन के भाई के दोस्त ने टेलीग्राम पर सातोशी नाम के अकाउंट से संपर्क किया। आरोप है कि वहां से चार लाख रुपये की मांग की गई। साथ ही धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर सोहन को युद्ध में भेज दिया जाएगा या उसका सिर काटकर परिवार को भेज दिया जाएगा। यह धमकी सुनकर परिवार के लोग सहम गए। उन्हें आशंका है कि सोहन रूस में किसी बड़ी मुसीबत में फंस गया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है।
चौकी से डीएम कार्यालय तक लगा चुके हैं चक्कर
सोहन की मां हंसमुखी पाल बेटे की सलामती को लेकर बेहद परेशान हैं। परिवार का कहना है कि बेटे की तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए वे पुलिस चौकी से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें सोहन के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार का आरोप है कि सोहन को विदेश भेजने वाले तीनों युवकों को पूरे मामले की जानकारी है, इसके बावजूद वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मांगी मदद

बेटे की तलाश में परेशान परिवार ने अब सोशल मीडिया का सहारा लिया है। वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और रूस में लापता सोहन पाल की सुरक्षित वापसी कराने की मांग की है। परिवार को डर है कि फिरौती मांगने वाले लोग बेटे के साथ कोई अनहोनी न कर दें। मां और बहन को अब सरकार और प्रशासन से मदद मिलने की उम्मीद है।


