कानपुर कैंट बोर्ड ऑफिस में CBI का छापा

कानपुर कैंट बोर्ड ऑफिस में CBI का छापा

रिश्वत मांगने का आरोप, महिला क्लर्क हिरासत में, 2023 में दो गिरफ्तारियां हुई थी

कानपुर। कानपुर कैंट बोर्ड कार्यालय में गुरुवार शाम सीबीआई की टीम ने छापा मारा। 2016 में सफाई कर्मचारी रहे रूपलाल की शिकायत पर महिला क्लर्क और प्राइवेट कर्मी से सीबीआई ने पूछताछ की। 5000 रुपए की रिश्वत लेने आरोप में पूछताछ के बाद महिला क्लर्क व एक कर्मी को हिरासत में लिया है।

कैंट बोर्ड के सूत्रों ने बताया कि रिटायर्ड कर्मचारी से बकाया भुगतान के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत पर सीबीआई ने कार्रवाई की। महिला की गिरफ्तारी के लिए कैंट थाने से महिला पुलिसकर्मी को बुलाया गया है। छापे की जानकारी पाकर मिलिट्री इंटेलीजेंस के जवान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखा।

देर रात तक चली कार्रवाई

टीम करीब रात 12:45 बजे तक अकाउंट सेक्शन में दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी फाइलों की जांच करती रही। इस दौरान कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। अचानक हुई कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया।खबर लिखे जाने तक सीबीआई की कार्रवाई जारी थी। कार्रवाई के दौरान कैंट बोर्ड का मेट गेट बंद कर दिया गया और किसी के अंदर या बाहर जाने पर रोक रही।सीबीआई की कार्रवाई के दौरान कैंट थाने से एक महिला पुलिसकर्मी पहुंची है।

कर्मचारियों से एरियर भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप

बताया जा रहा है कि इसी महीने 2 नवंबर को हुई कैंट बोर्ड की बैठक में करीब 72 कर्मचारियों को एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) और एरियर के रूप में लगभग तीन करोड़ रुपए के भुगतान का प्रस्ताव पास हुआ था। आरोप है कि अकाउंट सेक्शन में तैनात एक कर्मी ने भुगतान कराने के एवज में प्रत्येक कर्मचारी से 40 से 50 हजार रुपए तक की मांग की थी। बताया जा रहा है कि सीबीआई इस मामले की भी जांच कर रही है।

महिला की बेटी पहुंची

सीबीआई की टीम ने महिला क्लर्क के घर जाकर भी दस्तावेजों व अन्य चीजों को खंगाला है। महिला से मुलाकात करने के लिए नाबालिग बेटी कैंट बोर्ड के आफिस तक आई लेकिन उसको भी कार्रवाई के दौरान अंदर जाने को नहीं मिला।महिला क्लर्क की बेटी परिजनों साथ पहुंची लेकिन मिलने नहीं दिया।

कैग ने ऑडिट किया था, स्टाफ ने दी जरूरी जानकारी दी थी

करीब 15 दिन पहले कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) प्रयागराज की टीम ने भी कैंट बोर्ड कार्यालय पहुंचकर वित्तीय कार्यों से जुड़ी फाइलों का ऑडिट किया था। कर्मचारियों के मुताबिक, ऑडिट के दौरान अकाउंट सेक्शन के स्टाफ ने टीम को जरूरी जानकारियां और दस्तावेज उपलब्ध कराए थे।

अब सीबीआई की कार्रवाई को लेकर यह भी चर्चा है कि ऑडिट के दौरान सामने आई वित्तीय अनियमितताओं की जानकारी जांच एजेंसी तक पहुंची हो सकती है। सौरभ धानविक ने बताया साल 2023 में दो लोगों को अरेस्ट कराया था।

2023 में भी हुई थी दो गिरफ्तारियां

सीबीआई के छापे की जानकारी पाकर पहुंचे सौरभ धानविक ने बताया कि 2023 में हमारी दादी रिटायर हुई थीं। रिटायरमेंट बेनिफिट मिलता है, तो वो मिल नहीं रहा था। हमको दौड़ाया और खूब परेशान किया। जब परेशान होने के बाद जब हमने रिक्वेस्ट करी तो उन्होंने कहा काम तुम्हारा हो जाएगा, लेकिन आपको पैसा देना पड़ेगा। मैंने सीबीआई में शिकायत की जिसके बाद 7 सितंबर को ट्रैप किया गया था। इसमें क्लर्क धर्मेंद्र कुमार व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आनंद वर्मा को सीबीआई ने अरेस्ट किया था।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *