पटकापुर अग्निकांड के बाद जागा केडीए, घनी आबादी वाले इलाकों की इमारतों का होगा सर्वे

पटकापुर अग्निकांड के बाद जागा केडीए, घनी आबादी वाले इलाकों की इमारतों का होगा सर्वे

अवैध और मानकविहीन अपार्टमेंट की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित, एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट; निर्माणाधीन भवनों में खामियां मिलने पर बिल्डरों को जारी होंगे नोटिस

कानपुर। पटकापुर स्थित रामनारायण बाजार में अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर की घनी आबादी वाले इलाकों में बनी और निर्माणाधीन इमारतों की जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अब शहर के ऐसे अपार्टमेंट और बहुमंजिला भवनों का सर्वे कराया जाएगा, जहां निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आग जैसी आपात स्थिति में भवन में रहने वाले लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने के पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं।

पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के पत्र के बाद केडीए उपाध्यक्ष अंकर कौशिक ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी को पूरे शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सर्वे कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में भवनों के स्वीकृत मानचित्र, निर्माण मानकों और अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की पड़ताल की जाएगी।

पांच सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

कमेटी की अध्यक्षता केडीए सचिव अभय पांडेय करेंगे। इसमें एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, पुलिस उपायुक्त पूर्वी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। टीम शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में जाकर इमारतों की स्थिति का आकलन करेगी। खासतौर पर यह देखा जाएगा कि भवनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण हुआ है या नहीं और आपात स्थिति में लोगों के निकलने के लिए सुरक्षित रास्ते उपलब्ध हैं या नहीं।

निर्माणाधीन इमारतों में खामियां मिलने पर संबंधित बिल्डरों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, जिन अपार्टमेंट का निर्माण पूरा हो चुका है और उनमें परिवार रह रहे हैं, उनके लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की जाएगी। ऐसे भवनों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसी हादसे की स्थिति में जनहानि को रोका जा सके।

स्वीकृत नक्शे से हटकर निर्माण पर होगी कार्रवाई

सर्वे के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि बिल्डरों ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण तो नहीं कराया है। यदि अतिरिक्त या अवैध निर्माण पाया जाता है तो संबंधित हिस्से के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा सकता है। केडीए का उद्देश्य शहर की घनी आबादी में मौजूद ऐसी इमारतों की पहचान करना है, जिनमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हादसे का खतरा बना हुआ है।

 एक इमारत सील, तीन अवैध निर्माण चिह्नित

दूसरी ओर, शहर में बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ केडीए का अभियान भी जारी है। प्रवर्तन टीम ने एक निर्माण को सील कर दिया, जबकि तीन अन्य अवैध निर्माण चिह्नित किए हैं। जोन-1ए की टीम ने मनीराम बगिया स्थित होजरी मार्केट में विजय कुमार गुप्ता के प्लॉट नंबर 33/200 पर सीलिंग की कार्रवाई की। यहां करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था।

इसके अलावा मूलगंज क्षेत्र की दुपट्टे वाली गली और रोटी वाली गली में तीन अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं। इनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान प्रभारी अधिकारी अतुल राय सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *