संभव की मौत हादसा या साजिश? चार दिन बाद पिता ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा

छठवीं मंजिल से गिरकर हुई थी 22 वर्षीय युवक की मौत, पिता ने परिवार के बयानों में बताई भिन्नता; पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसा मानकर कर रही थी जांच

कानपुर। बिठूर के सिंहपुर स्थित रुद्राग्रीन अपार्टमेंट में छठवीं मंजिल से गिरकर 22 वर्षीय संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में चार दिन बाद नया मोड़ आ गया है। बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए पिता विशाल खंडेलवाल ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने अपार्टमेंट में रहने वाले प्रवीण उडानी और उसके परिवार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती और उसके परिवार के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस घटना को हादसा मान रही थी, लेकिन परिजनों की शिकायत के बाद मामले की नए सिरे से जांच शुरू हो गई है।

कौशलपुरी निवासी विशाल खंडेलवाल की गुरु कृपा पेपर ट्रेडिंग नाम से फर्म है। परिवार में पत्नी प्रीति, शादीशुदा बेटी काव्या और 22 वर्षीय इकलौता बेटा संभव था। विशाल के मुताबिक, 14 नवंबर को दीपावली के दिन दोपहर करीब दो से ढाई बजे संभव कार से दोस्तों से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम करीब 4:05 बजे उनके पास प्रवीण उडानी ने संभव के मोबाइल फोन से कॉल कर सूचना दी कि उनका बेटा रुद्राग्रीन अपार्टमेंट के टावर-दो स्थित एक फ्लैट की बालकनी से गिरकर घायल हो गया है।

सूचना मिलते ही परिजन बिठूर के सिंहपुर स्थित पारस अस्पताल पहुंचे, जहां संभव की मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 13 चोटें होने और अत्यधिक खून बहने से मौत होने की पुष्टि हुई थी।

परिवार के बयानों में विरोधाभास का दावा

मृतक के पिता ने बुधवार देर रात बिठूर थाने में तहरीर देकर बताया कि अस्पताल में प्रवीण उडानी, उनकी बहन, भांजी सुहाना और उसका बेटा मौजूद थे। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर परिवार के लोगों ने बताया था कि संभव फ्लैट में बच्चों के साथ वॉलीबाल खेल रहा था। खेलते हुए वह बालकनी में पहुंचा, जहां दीपकों का तेल फैला था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह करीब तीन फीट ऊंची रेलिंग पार कर नीचे गिर गया।

हालांकि विशाल का कहना है कि परिवार के अलग-अलग सदस्यों से पूछताछ करने पर घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आईं। इससे उन्हें बेटे की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उनका आरोप है कि घटना को सामान्य हादसा बताकर वास्तविकता छिपाने की कोशिश की गई।

पुराने विवाद और धमकी को भी बनाया आधार

विशाल ने तहरीर में बताया कि युवती सुहाना के मामा प्रवीण उडानी का बीते महीने उनके बेटे से विवाद हुआ था। इस दौरान प्रवीण ने अपार्टमेंट में दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पिता को आशंका है कि इसी विवाद के चलते संभव को बुलाकर उसके साथ कोई वारदात की गई और बाद में उसे हादसे का रूप दिया गया।

उन्होंने बेटे के मोबाइल फोन से छेड़छाड़ किए जाने की आशंका भी जताई। उनका कहना है कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद बेटे का चश्मा, मोबाइल फोन और घड़ी क्षतिग्रस्त नहीं हुए। इन परिस्थितियों को लेकर उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सीसीटीवी के आधार पर हादसा मान रही थी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों से पूछताछ की थी और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली थी। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया था कि सीसीटीवी फुटेज में संभव के ऊंचाई से गिरने की घटना सामने आई है। करीब 70 फीट की ऊंचाई से पीठ के बल गिरने के कारण उसकी पसलियां टूटकर हार्ट और लिवर में घुस गई थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा था।

अब पिता की तहरीर पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन और घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों के बयानों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि संभव की मौत महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह छिपी है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *